ग्रेटर नोएडा में प्रेम प्रसंग का खूनी संघर्ष
- फोटो : अमर उजाला GFX
ग्रेटर नोएडा के बिसरख कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत राधा स्काई गार्डेन सोसाइटी में दिल्ली पुलिस के कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से एक युवती ने खुद को गोली मार ली। युवती अस्पताल में भर्ती है। आरोप है कि दोनों के बीच पार्टी के दौरान किसी बात पर विवाद हुआ था। इस कारण युवती ने खुद को गोली मार ली। वहीं सूचना पर पहुंची बिसरख कोतवाली पुलिस की ओर से मामले की जांच की जा रही है। आरोपी कांस्टेबल आशीष दिल्ली के कालिंदी कुंज थाने में तैनात बताया जा रहा है।
जानकारी के मुताबिक गौड़ सौंदयर्म निवासी एक युवती अपनी सहेली के साथ राधा स्काई गार्डेन सोसाइटी में पार्टी के लिए पहुंची थी। यहां पर दिल्ली पुलिस में कांस्टेबल आशीष और उसका दोस्त था। आरोप है कि युवती के सामने कांस्टेबल आशीष के मोबाइल पर उसकी तलाकशुदा पत्नी का फोन आ गया। इससे नाराज युवती ने कांस्टेबल की लाइसेंसी पिस्टल से खुद को गोली मार ली। आनन-फानन में कांस्टेबल की ओर से उसे इलाज के लिए ग्रेनो वेस्ट स्थित यथार्थ अस्पताल में भर्ती कराया गया।
वहीं कोतवाली पुलिस का कहना है कि गुरुवार रात एक निजी अस्पताल से मेमो के माध्यम से पुलिस को सूचना दी गई कि एक युवती को गंभीर हालत में भर्ती कराया गया है। युवती के शरीर में गोली लगने के निशान पाए गए हैं और उसकी हालत नाजुक बनी हुई है। सूचना मिलते ही बिसरख पुलिस तत्काल अस्पताल पहुंची और घायल महिला के संबंध में जानकारी जुटाई।
जांच में सामने आया कि महिला थाना बिसरख क्षेत्र की गौड़ सौंदयर्म सोसाइटी की निवासी है। अस्पताल स्टाफ ने पुलिस को बताया कि जिस व्यक्ति द्वारा महिला को उपचार के लिए भर्ती कराया गया था। वह उसे भर्ती कराकर बिना किसी को जानकारी दिए मौके से चला गया। चिकित्सकों द्वारा महिला की प्राथमिक जांच में गन शॉट इंजरी की पुष्टि की गई है। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संदिग्ध व्यक्ति की तलाश शुरू की।
त्वरित कार्रवाई के चलते आरोपी को कुछ ही समय में हिरासत में ले लिया गया। पुलिस के अनुसार आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पिस्टल भी बरामद कर ली गई है। युवती सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जा रही है। वहीं घटना के बाद से गौड़ सौंदयर्म सोसाइटी सहित आसपास के इलाकों में दहशत का माहौल है।
हिरासत में आरोपी
थाना बिसरख पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस आरोपी आशीष पवार, पुत्र खिलेंद्र सिंह पवार, निवासी राजनगर एक्सटेंशन, गाजियाबाद को हिरासत में लेकर गहन पूछताछ कर रही है। घटना में प्रयुक्त शस्त्र भी बरामद किया गया है। पुलिस का कहना है कि घटना के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। गौरतलब है कि आरोपी शादीशुदा है।
https://www.amarujala.com/video/delhi-ncr/noida/video-adcp-central-noida-statement-on-greater-noida-girl-suicide-attempt-2026-02-06