ट्रांजिट रिमांड पर ग्रेटर नोएडा लेकर पहुंची पुलिस, जिला न्यायालय में पेश करने के बाद भेजा गया जेल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। बीटा-2 कोतवाली पुलिस ने डिजिटल अरेस्ट करके 75.57 लाख रुपये की धोखाधड़ी में एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुणे के राजूरी निवासी गणेश सूर्यकांत ओटी के बैंक खाते में ठगी की रकम ट्रांसफर की गई थी।
सेक्टर अल्फा-2 की पार्श्वनाथ इडेंस सोसाइटी निवासी अतिन कुमार विश्वास ने पिछले साल मार्च में केस दर्ज कराया था कि उनके साथ तीन अलग-अलग तिथियों पर कुल 75.57 लाख रुपये की ऑनलाइन ठगी की गई है। इसमें 31 जनवरी 2024 को 5.57 लाख, 2 फरवरी को 50 लाख और 3 फरवरी को 20 लाख की राशि ठगों ने हड़प ली थी। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि 31 अक्तूबर को आरोपी को पुणे से गिरफ्तार कर ट्राजिंट रिमांड पर लाया गया। साथ ही पीड़ित के करीब 47 लाख रुपये वापस कराए गए। आरोपियों को सूरजपुर स्थिति कोर्ट में पेश करने के बाद लुक्सर जेल भेजा गया है।
गिरोह में शामिल लोगों की हो रही पहचान
उन्होंने बताया कि आरोपी के खाते में पैसे ट्रांसफर की जानकारी मिली थी। इस बात की जांच की जा रही है कि आरोपी कबसे ठगी के गिरोह में शामिल था। अबतक कितने लोगों से कितने लोगों की ठगी कर चुका है। आरोपी के संपर्क में रहे लोगों की पहचान के लिए सर्विलांस की मदद ली जा रही है।