फतेहाबाद। थाना सदर पुलिस ने वीआईपी मोबाइल नंबर दिलाने के नाम पर ठगी करने के मामले में पंजाब के फाजिल्का जिले के जम्मू बस्ती अबोहर निवासी गौरव कुमार उर्फ छोटू को मंगलवार को गिरफ्तार किया। उसे जमानत पर रिहा कर दिया गया। जांच में आरोपी के पास से 900 नकद भी बरामद किए गए हैं। इस मामले में चार आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है।
थाना प्रभारी निरीक्षक कुलदीप सिंह ने बताया कि मुकेश कुमार निवासी चिंदड़ ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि उसने सोशल मीडिया पर एक विज्ञापन देखा जिसमें वीआईपी मोबाइल नंबर उपलब्ध कराने का दावा किया गया था। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पैसे लेकर वादा किया था कि नंबर एक्टिवेट कर देगा लेकिन बाद में न तो नंबर एक्टिवेट हुआ और न ही आरोपी से संपर्क हो पाया।