धोखाधड़ी से बैनामा करा 16 लाख रुपये हड़पने का आरोप
दादरी संवाद। बादलपुर कोतवाली क्षेत्र के धूम मानिकपुर गांव में प्लॉट दिखाकर गलत जगह बैनामा कराने के मामले में पीड़ित से 16 लाख रुपये हड़प लिए गए। पीड़ित ने दो लोगों के खिलाफ कोतवाली में प्राथमिकी दर्ज कराई है। प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि नई दिल्ली के रोशनपुरा नजफगढ़ निवासी डोरी लाल ने धूम मानिकपुर के अशोक वाटिका कॉलोनी में 16 लाख 60 हजार रुपये का प्लॉट खरीदा था। दिल्ली के उत्तम नगर निवासी विजय शंकर सिंह व नई दिल्ली के पालम निवासी मुनाराम ने धोखाधड़ी कर 31 जनवरी 2017 को 100 वर्ग गज के प्लॉट का बैनामा कर दिया। प्लॉट धूम मानिकपुर की अशोक वाटिका कॉलोनी में दिखाया गया जबकि प्लॉट का बैनामा अन्य स्थान पर कर दिया गया। जब प्लॉट के बारे में जांच की गई तो दादरी कोतवाली क्षेत्र के रुपवास गांव माजरे में प्लॉट का बैनामा करा दिया गया था। मामले की शिकायत डीसीपी व एसीपी से की गई। बादलपुर कोतवाली में विजय शंकर सिंह और मुनाराम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कराई गई है।