नई दिल्ली। प्रदेश भाजपा अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा ने आप के वरिष्ठ नेता गोपाल राय पर आरोप लगाया कि वे दिल्ली में प्रदूषण को लेकर जनता में भ्रम फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। आप 10 वर्षों से यही खेल खेलती आ रही है। जब आप की सरकार थी तो ग्रीन पटाखों पर बैन लगवाने के लिए प्रदूषण का बहाना बनाया जाता था। सही आंकड़े पेश न कर न्यायालय को गुमराह करने का प्रयास किया गया। अब जब सर्वोच्च न्यायालय ने दिल्ली में ग्रीन पटाखों की अनुमति दी है तो भी आप नेता प्रदूषण का बहाना बनाकर पटाखों को प्रतिबंधित करने की कोशिश कर रहे हैं। इस बार प्रदूषण पिछले वर्षों की तुलना में काफी कम है। न्यायालय की अनुमति न केवल दिल्लीवासियों के लिए राहत का विषय है बल्कि यह पूरे देश के लिए सकारात्मक संदेश भी है कि विकास, परंपरा और पर्यावरण संरक्षण साथ-साथ संभव हैं। ब्यूरो