प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने केंद्र सरकार पर कार्रवाई न करने का आरोप लगाया
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। आप ने मुख्य न्यायाधीश पर हुए हमले के विरोध में बृहस्पतिवार को करोल बाग में जय भीम यात्रा निकाली। इसका नेतृत्व प्रदेश संयोजक सौरभ भारद्वाज ने किया। नीले वस्त्रों में आप कार्यकर्ताओं ने बाबा साहब का अपमान, नहीं सहेगा हिन्दुस्तान के नारे लगाए।
इस मौके पर भारद्वाज ने कहा कि भाजपा समर्थित लोग सोशल मीडिया पर लगातार मुख्य न्यायाधीश और दलित समाज के खिलाफ अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल कर रहे हैं लेकिन केंद्र सरकार कोई कार्रवाई नहीं कर रही। एक दलित को इतनी ऊंची कुर्सी पर देखना भाजपा को कभी पसंद नहीं रहा इसलिए ऐसा किया जा रहा है। पंजाब में आप सरकार ने ऐसे तत्वों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की है जो दलितों के खिलाफ हिंसा और नफरत फैलाने की कोशिश कर रहे हैं। इस अवसर पर विधायक विशेष रवि ने कहा कि भाजपा दलित समाज के खिलाफ एक खतरनाक मानसिकता फैला रही है और समाज को आपस में बांटने की कोशिश कर रही है। उन्होंने कहा कि जय भीम यात्रा इसी विभाजनकारी मानसिकता के खिलाफ एक मजबूत जवाब है।