नई दिल्ली। राजधानी में बढ़ते प्रदूषण को लेकर शुक्रवार को आप ने भाजपा सरकार को घेरा। पार्टी वरिष्ठ नेता गोपाल राय ने कहा कि दिल्ली में प्रदूषण तेजी से बढ़ने लगा तो भाजपा सरकार ने 15 दिन की देरी से आननफानन में विंटर एक्शन प्लान घोषित कर सिर्फ खानापूर्ति कर दी। सरकार जवाब दे कि आखिर एक अक्तूबर से पहले बनने वाला एक्शन प्लान देर से क्यों घोषित किया गया।
दिल्ली में भाजपा की चार इंजन वाली सरकार है फिर भी प्रदूषण नियंत्रण पर समन्वय का अभाव है। उन्होंने आरोप लगाया कि पराली गलाने के लिए बायो डी कंपोजर के छिड़काव की कोई निगरानी नहीं हो रही, धूल प्रदूषण रोकने के लिए निजी एजेंसियों के साथ होने वाली बैठक रद्द कर दी गई और अभी तक सड़क पर पानी का छिड़काव या एंटी-स्मॉग गन का उपयोग शुरू नहीं हुआ है। वहीं, जब दिवाली नजदीक है तो ग्रीन पटाखों के लाइसेंस के आवेदन मांगे जा रहे हैं। अगर अभी प्रक्रिया शुरू हुई है तो दिवाली तक अनुमति मिलना मुश्किल है। ब्यूरो