आप नेताओं ने कहा- भाजपा नेता बेवजह के बयानों से सुर्खियां बटोरने में जुटे
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली।
राजधानी की बिगड़ती वायु गुणवत्ता पर आप ने भाजपा सरकार को कठघरे में खड़ा करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता और पर्यावरण मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा को घेरा। बुधवार को आप ने आरोप लगाया कि जब राजधानी की जनता जहरीली हवा में सांस लेने को मजबूर है तो भाजपा नेता बेवजह के बयानों से सुर्खियां बटोरने में जुटे हैं।
आप विधायक दल के मुख्य सचेतक संजीव झा ने मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के कथित बयान पर सवाल उठाया। उन्होंने कहा कि सीएम प्रदूषण नियंत्रित करने के लिए आग लगाने की बात कर रही हैं। यह सरकार ने नया फार्मूला खोज लिया है। लिहाजा, आग लगाओ, धुआं उड़ाओ और जनता को समझाओ कि ये साफ हवा है। यह बयान न केवल गैरजिम्मेदाराना है बल्कि राजधानी की सांसों से खिलवाड़ करने जैसा है। भाजपा सरकार को समाधान ढूंढने की जगह प्रचार और बयानबाजी से परहेज करना चाहिए।
वहीं, राष्ट्रीय प्रवक्ता प्रियंका कक्कड़ ने भी भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि भाजपा के पास चार इंजन वाली सरकार है लेकिन चारों इंजन सिर्फ दोषारोपण में व्यस्त हैं। सिरसा से एयर क्वालिटी मॉनिटर्स पर पानी छिड़ककर रीडिंग कम करने के बारे में पूछा तो उन्होंने जवाब देने की बजाय मीडिया पर एजेंडा चलाने का आरोप लगा दिया। वहीं, जब जनता ने सवाल पूछे तो पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया। भाजपा सरकार अपने ही फैसलों से अनजान है।