न्यू उस्मानपुर के दुर्गा मंदिर पार्क में मिला घायल, सीसीटीवी से आरोपियों की पहचान कर रही पुलिस
परिजनों ने बुलंद मस्जिद के पास रहने वाले कुछ लड़कों पर लगाया हत्या करने का आरोप
आरोपी जबरन नशे के लिए पैसे मांगते थे, मना करने पर जान से मारने की धमकी देते थे
2000 रुपये बड़ी बहन से लेकर निकला था
अमर उजाला ब्यूरो
नई दिल्ली। उत्तर-पूर्वी दिल्ली के न्यू उस्मानपुर में शनिवार शाम ईद के लिए कपड़े खरीदने निकले दिलशाद (20) की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस ने औपचारिकताएं पूरी करने के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए जीटीबी अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की मदद से आरोपियों की पहचान का प्रयास कर रही है। वहीं, परिजनों ने बुलंद मस्जिद के पास रहने वाले कुछ लड़कों पर दिलशाद की हत्या करने का आरोप लगाया है। परिजनों का कहना है कि आरोपी उससे जबरन नशे के लिए पैसे मांगते थे। मना करने पर जान से मारने की धमकी देते थे।
जिला पुलिस उपायुक्त आशीष मिश्रा के अनुसार, शाम चार बजे सूचना मिली कि दुर्गा मंदिर पार्क में एक युवक को चाकू मार दिया गया है। इसके बाद पुलिस घायल को जगप्रवेश चंद अस्पताल गई, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। जांच में पुलिस को पता चला कि दिलशाद परिवार के साथ गली नंबर-13, शास्त्री पार्क में रहता था। परिवार में माता-पिता के अलावा तीन बहनें व दो भाई हैं। दिलशाद बाजार में बच्चों के खिलौने बेचता था। कुछ दिनों से उसके पिता अजमेर गए हुए हैं। शाम को दिलशाद बड़ी बहन से कपड़े खरीदने के लिए दो हजार रुपये लेकर निकला था। इस बीच रास्ते में आरोपियों ने चाकू मारकर हत्या कर दी। सूचना मिलते ही लोगों की भीड़ जुट गई। गुस्साए लोगो को पुलिस ने किसी तरह समझाकर लोगों को हटाया।