ग्रेटर नोएडा के इकोटेक-3 कोतवाली क्षेत्र के गांव तुस्याना में गुरुवार को आयोजित कुआं पूजन कार्यक्रम के दौरान हुए विवाद में युवक की बाका से हमला कर हत्या कर दी गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को हिरासत में लिया है। घटना में प्रयुक्त खून से सना बाका भी बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, गुरुवार को सूचना प्राप्त हुई कि गांव तुस्याना में एक युवक का शव पड़ा है। सूचना मिलते ही थाना इकोटेक-3 पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल शुरू की। मृतक की पहचान मनोज उर्फ लालू निवासी हरदोई के रूप में हुई है। जो कार्यक्रम में शामिल होने आया था। प्रारंभिक जांच में सामने आया कि गांव निवासी फिरी राम के यहां कुआं पूजन का कार्यक्रम चल रहा था। कार्यक्रम में भोजन के दौरान मनोज और गांव के ही निवासी जगवीर भाटी पुत्र रतीराम भाटी के बीच किसी बात को लेकर कहासुनी हो गई थी। विवाद के दौरान मनोज ने जगवीर को अपशब्द कह दिए। जिससे वह आहत हो गया और अपने घर चला गया था।
कुछ देर बाद जगवीर भाटी कथित रूप से अपने घर से बाका लेकर मनोज की तलाश में वापस गांव की ओर आया। गांव तुस्याना आने वाली सड़क पर। जहां एक बुग्गी गाड़ी खड़ी थी। वहीं दोनों आमने-सामने आ गए। पहले दोनों के बीच धक्का-मुक्की हुई। इसके बाद आरोपी ने बाका से मनोज पर वार कर दिया। हमले में मनोज गंभीर रूप से घायल होकर मौके पर ही गिर पड़ा और उसकी मौत हो गई। पुलिस के अनुसार मृतक के सिर पर चोट के निशान पाए गए हैं। घटना की सूचना मिलते ही फील्ड यूनिट को भी मौके पर बुलाया गया था। जिसने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण कर साक्ष्य संकलित किए। पुलिस ने आरोपी जगवीर भाटी को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। घटना में प्रयुक्त खून से लुदा बाका भी बरामद कर लिया गया है।
मृतक के शव का पंचानामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस ने संबंधित धाराओं में मुकदमा पंजीकृत कर लिया है। आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल है।