मुहम्मदाबाद गोहना। मुहम्मदाबाद गोहना रेलवे स्टेशन के रेलवे ट्रैक पर बृहस्पतिवार की रात बैठकर मोबाइल से बात कर रहा 23 वर्षीय युवक ट्रेन की चपेट में आ गया। उसकी मौके पर ही मौत हो गई। मालगाड़ी के ड्राइवर ने ट्रैक पर युवक के कटने की सूचना स्टेशन मास्टर को दे दी। स्टेशन मास्टर की सूचना पर मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक की शिनाख्त कराई परिजनों को जानकारी दी। रात में ही शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। एक महीने बाद 23 नवंबर को युवक की शादी होने वाली थी।
मुहम्मदाबाद गोहना कस्बे के फरीदपुर मोहल्ला निवासी 23 वर्षीय आशीष रात में लगभग 1 बजे रेलवे ट्रैक पर बैठकर किसी से मोबाइल से बात कर रहा था। इस बीच मऊ के तरफ से शाहगंज जा रही मालगाड़ी की चपेट में आकर उसकी मौत हो गई। ड्राइवर ने हादसे की सूचना स्टेशन मास्टर को दी। स्टेशन अधीक्षक की सूचना पर कोतवाल केके वर्मा पहुंचे। उन्होंने आसपास सो रहे लोगों को जगा कर मृतक की शिनाख्त कराया तो उसके घर वालों को घटना की जानकारी हुई। बताया जाता है कि 23 नवंबर को मृतक आशीष की शादी तय तय थी। हादसा के वक्त वह मोबाइल पर किसी से बात कर रहा था। इस बीच ट्रेन की चपेट में आ गया। मृतक की मां स्थानीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर चतुर्थ श्रेणी की संविदा कर्मी है। युवक दो भाइयों में बड़ा था। वह अपना ई-रिक्शा चलाता था। इस संबंध में कोतवाल केके वर्मा ने बताया कि मोबाइल से बात करने के दौरान हादसा में युवक की जान गई है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद अग्रिम कार्रवाई की जाएगी।