सड़क हादसे में मृतक राकेश यादव फाइल फोटो
सोनभद्र। वाराणसी-शक्तिनगर मार्ग पर राॅबर्ट्सगंज कोतवाली क्षेत्र के पुसौली मोड़ स्थित पीएनबी शाखा के पास दो बाइकों में भिड़ंत के बाद सड़क पर गिरे राकेश यादव (32) की ट्रेलर से कुचलकर मौत हो गई। हादसे में भाई-बहन सहित चार घायल हो गए। गंभीर रूप से घायल दो युवकों को उपचार के लिए जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहीं भाई-बहन को निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
रायपुर थाना क्षेत्र के सेमरिया बिजवार निवासी राकेश यादव (32) गांव के ही इंद्रदेव (20) और मुहम्मद मुस्तफा (30) के साथ बाइक से चोपन थाना क्षेत्र के पटवध रिश्तेदारी में गया हुआ था। देर शाम वहां से तीनों लौट रहे थे। हाईवे पर पुसौली स्थित पीएनबी शाखा के सामने विपरीत दिशा से आ रहे बाइक सवार चुर्क निवासी आलोक कुमार से टक्कर हो गई। आलोक अपनी बहन मोना कुमारी को लेकर राॅबर्ट्सगंज घर लौट रहा था। टक्कर के बाद राकेश छिटककर सड़क के बीच जा गिरा। उसी दौरान हाईवे से गुजर रहे ट्रेलर से कुचलकर उसकी मौके पर ही मौत हो गई। अन्य चारों बाइक सवार घायल हो गए। स्थानीय लोगों की मदद से आलोक और उनकी बहन को तत्काल पास के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। वहीं जानकारी पाकर पहुंची पुलिस इंद्रदेव और मुस्तफा को लेकर जिला अस्पताल पहुंची। प्रभारी निरीक्षक माधव सिंह ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
-
दीपावली पर घर लौटा था राकेश
बिजवार प्रधान रज्जब अली ने बताया कि राकेश बाहर रहकर मजदूरी करता था। दीपावली पर वह घर लौटा था। बृहस्पतिवार को वह गांव के ही दो युवकों के साथ पटवध रिश्तेदारी में गया हुआ था। वहां से लौटते समय हादसे की चपेट में आ गया। उधर घटना की जानकारी जैसे ही परिजनों को मिली कोहराम मच गया। जिला अस्पताल पहुंचे परिवार वालों का रो-रोकर बुरा हाल था।