नोएडा। सेक्टर 76 स्थित आम्रपाली प्रिंसले एस्टेट सोसाइटी के बाहर खुले नाले में शुक्रवार को एक आठ वर्षीय बच्चा व किशोर गिर गया। आसपास के लोगों ने उन्हें बाहर निकाला।
सोसाइटी के एओए अध्यक्ष विकास सिंह ने बताया कि सोसाइटी के बाहर नोएडा प्राधिकरण का 150 मीटर का खुला नाला है। इस नाले के पास ही नोएडा प्राधिकरण की ओर से पार्किंग भी लगवाई जाती है। यह किशोर पार्किंग में बाइक लगाकर जा रहा था तभी उसका पैर फिसल गया और वह नाले में गिर गया। इससे पूर्व सुबह के समय एक आठ साल का बच्चा भी नाले में गिर गया था। उन्होंने बताया कि इस नाले को बंद करवाने के लिए कई बार नोएडा प्राधिकरण को लिखा गया है, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। इसमें कई बार पहले भी लोग गिर चुके हैं इसके अलावा जानवरों के गिरने की सूचना भी मिलती रहती है। विकास ने बताया कि दोनों को समय पर न निकाला गया होता तो दम घुटने से उनकी जान भी जा सकती थी। ब्यूरो