नोएडा से मेरठ स्थित केंद्र भेजा गया था युवक
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। मेरठ स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती युवक की अचानक तबीयत बिगड़ने के बाद मौत हो गई। उसे नोएडा के नशा मुक्ति केंद्र से मेरठ ट्रांसफर किया गया था। परिजनों ने केंद्र में युवक की पिटाई करने का आरोप लगाया है। हालांकि इसकी शिकायत पुलिस से नहीं की गई है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में भी किसी तरह की मारपीट की पुष्टि नहीं हुई है। इस मामले की जांच अब मेरठ पुलिस करेगी।
पुलिस के मुताबिक, आगरा के शमशाबाद निवासी पिंटू सिंह (38) शराब पीने के आदी थे। उनके भाई मनीष ने उन्हें 17 अगस्त को नोएडा के सेक्टर-63ए स्थित नशा मुक्ति केंद्र में भर्ती कराया था। यहां से उसी दिन मेरठ के टीपीनगर क्षेत्र स्थित नशा मुक्ति केंद्र स्थानांतरण कर दिया गया था। वहां दो दिन तक उनकी तबीयत ठीक रही।
मंगलवार को पिंटू की तबीयत अचानक से बिगड़ने लगी। केंद्र प्रबंधन ने इसकी सूचना पिंटू के परिजनों को दी और उन्हें दिल्ली के एम्स ले जाया गया। वहां चिकित्सकों ने पिंटू को मृत घोषित कर दिया। मनीष और परिजन पिंटू का शव लेकर सेक्टर-63ए स्थित नशा मुक्ति केंद्र पहुंचे। उनके अनुरोध पर शव पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा गया। बुधवार को वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स वायरल होने लगा जिसमें पिंटू के परिवार वाले मारपीट का आरोप लगा रहे हैं।
वीडियो में परिजन कहते दिख रहे हैं कि केंद्र के अंदर हुई मारपीट से पिंटू का शरीर नीला पड़ गया है। बिसरा सुरक्षित रख लिया गया है। एसीपी वर्णिका सिंह का कहना है कि परिजनों के कहने पर नोएडा पुलिस ने पोस्टमॉर्टम कराया था। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया है। परिजन अंतिम संस्कार के लिए शव को आगरा ले गए हैं।