फ्लैट बुकिंग के नाम पर महिला से 59.44 लाख की धोखाधड़ी
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने कोर्ट के आदेश पर फ्लैट बुकिंग के नाम पर महिला से 59.44 लाख की धोखाधड़ी का केस दर्ज किया है। नोएडा सेक्टर-100 की रहने वाली हेमलता शर्मा ने वोकेशनल एजुकेशन फाउंडेशन (वीईएफ), उसके अध्यक्ष नवीन गुप्ता और अभिजीत कुमार पर 59.44 लाख रुपये की धोखाधड़ी का आरोप लगाया है। महिला का आरोप है कि वर्ष 2015 में वीईएफ के रिहायशी प्रोजेक्ट में फ्लैट बुक किया था। इस संबंध में अभिजीत कुमार ने 28 दिसंबर 2015 को अलॉटमेंट लेटर भी जारी किया था। इसके बाद उन्होंने अलग-अलग किश्तों में भुगतान किया, जिनमें एक बड़ी राशि 46.44 लाख उन्होंने डीएचएफएल से लोन लेकर अदा की। कथित प्रोजेक्ट के असल दस्तावेज गिरवी रखकर डीएचएफएल से लोन भी पास कराया गया लेकिन हाल ही में जब पीड़ित को अपने फ्लैट के बाहर यूनियन बैंक ऑफ इंडिया द्वारा जारी नीलामी नोटिस चिपका मिला, तो उनके होश उड़ गए। पूछताछ में पता चला कि मुकेश कुमार गर्ग नामक व्यक्ति पहले ही इस फ्लैट को वर्ष 2014 में खरीद चुका था और इसके एवज में यूनियन बैंक से 55 लाख रुपये का लोन ले चुका था। कोतवाली पुलिस का कहना है कि केस दर्ज कर जांच की जा रही है। ब्यूरो