बेटी की आत्महत्या का केस वापस लेने का दबाव बना रहे थे आरोपी
-सेक्टर-2 में भीड़भाड़ वाली सड़क पर घटना, केस दर्ज कर जांच शुरू
माई सिटी रिपोर्टर,
नोएडा। सेक्टर-2 में एक महिला पर बीच सड़क पर चाकू से हमला किए जाने की सनसनीखेज घटना सामने आई है। यह घटना 9 जुलाई की शाम की है। महिला के चेहरे और हाथ पर चाकू से हमले में घाव हुए हैं। प्राथमिक इलाज के बाद शनिवार को थाने पहुंच कर पीड़ित ने पुलिस को शिकायत दी।
उसने आरोप लगाया कि यह हमला उस पर बेटी की आत्महत्या से जुड़ा केस वापस न लेने पर आरोपी और उसके परिवारीजनों ने करवाया है। शिकायत पर पुलिस ने फेज-1 थाने में 7 नामजद समेत 9 के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि महिला जब थाने पहुंची तो उसके चेहरे और हाथ पर पट्टी बंधी हुई थी। मेडिकल रिपोर्ट भी अभी नहीं मिली है। सभी तथ्यों को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है। थाना पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक यह केस सेक्टर-10 की निवासी गीता की शिकायत पर दर्ज किया गया है। गीता ने पुलिस को बताया है कि 11 अक्तूबर 2023 को उन्होंने फेज-वन थाने में पड़ोस में रहने वाले वीरू उर्फ वरुण के खिलाफ केस दर्ज करवाया था। 9 अक्टूबर की दोपहर 17 वर्षीय बेटी का शव घर में फंदे पर लटका मिला था।
आरोप है कि पड़ोस में रहने वाले वीरू को दूसरी बेटी और भतीजी ने घर से भागते हुए देखा था। पीड़िता ने बेटी की मौत का जिम्मेदार वीरू उर्फ वरुण को मानते हुए एफआईआर दर्ज कराई थी। पीड़िता का कहना है कि पुलिस ने उस समय आरोपी वीरू को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। इस मामले में निचली अदालत और हाईकोर्ट से आरोपी की जमानत खारिज हो चुकी थी। 15 अप्रैल 2025 को हाईकोर्ट ने आरोपी को सशर्त जमानत दे दी थी। अभी आरोपी जेल से बाहर है। महिला का आरोप है कि आरोपी वीरूफिर राहगीरों की मदद से पति और परिवारीजन व पुलिस को डॉयल-112 पर सूचना दी। परिवारीजन राहगीरों की मदद से अस्पताल लेकर गए।
चाकू से कई वार किए गए, चेहरे और हाथ में लगे हैं 27 टांके-
पुलिस को दी गई शिकायत में गीता ने बताया है कि उस पर चाकू से कई वार किए गए। इलाज सेक्टर-39 जिला अस्पताल में हुआ है। बाएं हाथ में 11, चेहरे पर बाएं हिस्से में 11 और दाहिने हिस्से में 5 टांके लगाए गए हैं। समय पर इलाज मिलने से जान बच सकी है।
पुलिस का कहना है कि सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे-
फेज-1 थाना प्रभारी ने बताया कि शिकायत के आधार पर केस दर्ज कर गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। बताए गए घटना स्थल का निरीक्षण भी किया गया है। सीसीटीवी फुटेज देखे जा रहे हैं। रविवार को छुट्टी का दिन होने के चलते कुछ कंपनियां बंद थीं वहां पर सीसीटीवी फुटेज सोमवार को देखे जाएंगे।
कोट-
शिकायत के आधार पर केस दर्ज किया गया है। प्रथम द्ष्टया जो आरोप लगाए गए हैं उनकी जांच करवाई जा रही है। घटना के तीन दिन बाद थाने पहुंच कर शिकायत दी गई है। जांच में जो भी तथ्य निकल कर सामने आएंगे उनके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
- स्वतंत्र सिंह, एसीपी-2, नोएडा।