कर्ज के बोझ से दबे लोन एजेंट ने चूहड़पुर गांव में सरकारी ट्यूबवेल के पाइप से फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान हरेंद्र कुमार (34) निवासी बलीपुरा बुलंदशहर के रूप में हुई है। सूचना पर पहुंची ईकोटेक-1 कोतवाली पुलिस के साथ फोरेंसिक टीम ने भी मौके पर पहुंचकर जांच की। शव को कब्जे में लेकर पंचायतनामा भरने के बाद पोस्टमॉर्टम के लिए भेजा है।
पूर्वांचल सोसायटी ग्रेटर नोएडा में हरेंद्र कुमार अपनी पत्नी और एक बेटी के साथ रहते थे। वह गुरुवार रात को बिना बताए घर से निकले थे। पूरी रात घर नहीं लौटे। शुक्रवार सुबह करीब साढ़े 6 बजे उनका शव सरकारी ट्यूबवेल के पाइप से फंदा लटका मिला।
सूचना पर पहुंची पुलिस ने उनके पास से मिले जरूरी दस्तावेज के आधार पर परिजन को सूचित किया। पास में रहने वाली सोसायटी से पत्नी तुरंत घटना स्थल पर पहुंची। पत्नी ने पुलिस को बताया कि हरेंद्र काफी समय से आर्थिक तंगी से जूझ रहा था। उसने अपने रिश्तेदारों से बड़ी मात्रा में उधार ले रखा था, जिसे चुकाने में वह असमर्थ था।
मृतक की पत्नी के अनुसार हरेंद्र लगातार कर्ज को लेकर परेशान था। बढ़ते कर्ज और उसे चुकाने में असमर्थता के कारण वह मानसिक तनाव में था। आशंका है कि इसी तनाव में आकर उसने यह आत्मघाती कदम उठाया। युवक के आत्महत्या करने से परिवार में मातम पसरा है।
पुलिस का कहना है कि परिजनों के बयान लिए जा रहे हैं। आत्महत्या के पीछे की पूरी सच्चाई का पता लगाया जाएगा। पत्नी ने जानकारी दी है कि हरेंद्र कुमार पंजाब नेशनल बैंक के प्राइवेट लोन एजेंट थे। वह लोगों को बैंक से लोन दिलाने का काम करते थे। उन्होंने बॉडी बनाने का शौक था। इस कारण वह जिम भी जाते थे।
आर्थिक तंगी बनी आत्महत्या की बड़ी वजह
गौरतलब है कि कर्ज और आर्थिक तंगी के चलते आत्महत्या की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं। आईएमए नोएडा के अध्य़क्ष डॉ सुनील अवाना का अवसाद के कारण लोग आत्मघाती कदम उठाने को मजबूर होते हैं। चिड़चिड़ापन, गुस्सा, आत्महत्या जैसी अगर कोई व्यक्ति बातें करे तो परिजन ऐसे व्यक्ति का तुरंत ही इलाज कराएं।