नॉलेज पार्क स्थित अन्नपूर्णा गर्ल्स हॉस्टल में गुरुवार को लगी आग का एक वीडियो सामने आया है। दरअसल आग के कारण छात्राओं में दहशत फैल गई थी। इस कारण कुछ छात्राएं कमरे में बंद हो गईं, जबकि कुछ सीढ़ियों के रास्ते बाहर निकलने की कोशिश करने लगीं।
इस दौरान दूसरी मंजिल पर फंसी दो छात्राओं ने बालकनी से उतरने का प्रयास किया। छात्राओं को फंसा देखकर लोगों ने सीढ़ी भी लगाई थी। इस दौरान एक छात्रा जब बालकनी में रेलिंग के सहारे उतर रही थी। सीढ़ी पर पैर फिसलने के कारण छात्र नीचे गिर गई। जिससे उसे गंभीर चोटें आईं। घायल छात्रा को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। जहां उसका इलाज चल रहा है।
गुरुवार शाम हॉस्टल में करीब 5:25 बजे लग गई थी। प्रारंभिक जांच में यह अंदेशा जताया जा रहा है कि हॉस्टल की दूसरी मंजिल पर एक कमरे में लगे एयर कंडीशनर (एसी) का कंप्रेसर फटने से आग लगी थी थी। आग लगते ही पूरी इमारत में धुआं फैल गया। जिससे छात्राओं में अफरातफरी मच गई थी। धुएं से छात्राओं को सांस लेने में परेशानी हुई थी।
कई छात्राओं ने मदद के लिए चिल्लाना शुरू कर दिया, जिससे आसपास के लोगों ने पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। घटना की सूचना मिलते ही दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और आग बुझाने का काम शुरू किया। दमकल कर्मियों ने ब्रीदिंग अपारेटस पहनकर धुएं से भरी इमारत में प्रवेश किया और सीढ़ियों के माध्यम से छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाला।
आग की वजह से पूरे हॉस्टल में सांस लेना मुश्किल हो गया था। 160 से अधिक छात्राओं को सुरक्षित निकाल लिया। बचाव अभियान के दौरान एक दमकल कर्मी के हाथ में भी छाले पड़ गए। आधे घंटे के भीतर सभी छात्राओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया था।
ये भी पढ़ें: UP: पत्नी की हत्या का आरोपी सबूतों के अभाव में बरी, गला घोंटकर मारने का लगा था आरोप