-वैदिक मंत्रोच्चारण के साथ जेवर विधायक ने किया भूमि पूजन
- 6 एकड़ में तैयार होगा आवासीय स्कूल, स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी और स्पोर्ट्स स्टेडियम जैसी सुविधाएं मिलेंगी
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी/रबूपुरा। यमुना सिटी के रबूपुरा में 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले अत्याधुनिक कंपोजिट मॉडल विद्यालय का शुक्रवार को शिलान्यास किया गया। वैदिक मंत्रोच्चारण के बीच जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने 6 एकड़ भूमि पर बनने वाले विद्यालय का भूमि पूजन कर निर्माण कार्य का शुभारंभ किया।
जेवर विधायक धीरेंद्र सिंह ने कहा कि उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के माध्यम से इस विद्यालय का निर्माण कराया जा रहा है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में क्षेत्र में लगातार विकास कार्य हो रहे हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट और औद्योगिक परियोजनाओं के बाद अब बच्चों को बेहतर शिक्षा देने के लिए अत्याधुनिक विद्यालय की सौगात मिल रही है। उन्होंने बताया कि विद्यालय में कक्षा एक से 12वीं तक के विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि विद्यालय में विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास पर विशेष ध्यान दिया जाएगा, जिससे वे बेहतर भविष्य तैयार कर सकें। शिलान्यास कार्यक्रम में बीएसए राहुल पंवार, यमुना विकास प्राधिकरण और उत्तर प्रदेश प्रोजेक्ट कॉर्पोरेशन लिमिटेड के अधिकारी सहित क्षेत्र के लोग मौजूद रहे।
नि:शुल्क मिली है 6 एकड़ जमीन-
कंपोजिट विद्यालय के निर्माण के लिए यमुना विकास प्राधिकरण ने 6 एकड़ जमीन नि:शुल्क उपलब्ध कराई है। करीब 25 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले इस आवासीय विद्यालय का निर्माण एक वर्ष में पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके बाद विद्यालय का संचालन शुरू किया जाएगा।
स्मार्ट क्लास से लेकर स्पोर्ट्स स्टेडियम तक की सुविधा-
विद्यालय में विद्यार्थियों के लिए 25 से अधिक स्मार्ट क्लास, डिजिटल लाइब्रेरी, कंप्यूटर लैब, आधुनिक विज्ञान प्रयोगशालाएं, कौशल विकास केंद्र और वर्कशॉप की सुविधा उपलब्ध होगी। कैंपस में इनडोर और आउटडोर खेलों के लिए स्पोर्ट्स स्टेडियम भी बनाया जाएगा। इसके अलावा शिक्षकों के लिए आवासीय सुविधा, सीसीटीवी निगरानी, हाई स्पीड इंटरनेट, स्वच्छ पेयजल और आधुनिक शौचालय जैसी सुविधाएं भी विकसित की जाएंगी।