पुन: संशोधित :
बरात में फिर बजा जातिगत टिप्पणी वाला गीत, गांव में तनाव
- शनिवार देर शाम मकनपुर के ग्रामीणों की शिकायत के बाद पुलिस तैनात
- बृहस्पतिवार को हुए बवाल मामले में दिनभर जारी रहा प्रदर्शन, ग्रामीणों में आक्रोश
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर। मकनपुर गांव में तीन दिनों में दूसरी बार चढ़त में जातिगत टिप्पणी करने वाले गीत बजाने पर तनाव व्याप्त हो गया। शनिवार देर शाम मकनपुर बांगर में एक बार फिर बरात में आपत्तिजनक गीत डीजे बजाए गए। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस से इसकी शिकायत की। जिसके बाद गांव में फिर से पुलिस तैनात कर दी गई है। आला अधिकारी पूरे मामले पर नजर रख रहे हैं।
उधर बृहस्पतिवार को बरात चढ़त के दौरान दूसरी जाति पर टिप्पणी करने वाले गीत के बाद हुई मारपीट के प्रकरण के बाद ग्रामीणों में आक्रोश कायम है। शनिवार को पीड़ित सुनीता व पूर्व प्रधान जयपाल ने 12 से अधिक आरोपियों के खिलाफ पुलिस को शिकायत दी है। वहीं समाजवादी पार्टी की बाबा साहेब आंबेडकर वाहिनी के प्रदेश उपाध्यक्ष राहुल आर्यन, हुकुम सिंह भारती समेत अन्य ने पीड़ित परिजनों के साथ कोतवाली और एसीपी दफ्तर पर प्रदर्शन कर मामले में सख्त कार्रवाई की मांग की है। वहीं दूसरे पक्ष की ओर से धर्मदेव, मनीष, सोनू , हरिओम, बंटी और प्रशांत ने भी पुलिस को शिकायत दी है। शनिवार को सौंपी गई शिकायत में बरातियों पर मना करने के बावजूद महिलाओं को देखकर डीजे पर जातिगत गाना बजाने के आरोप लगाए गए हैं।
उधर, गांव में विवाद निपटारे व भाईचारा कायम रखने के लिए हुई पंचायत में पहुंचे रामपुर गांव के पूर्व प्रधान बिजेंद्र ने बताया कि जल्द ही दोनों पक्षों को बुलाकर समझाया जाएगा। आपस में बातचीत कर गांव में भाईचारा कायम किया जाएगा।
पुलिस के पहरे में हुए फेरे, बिना खाना खाए लौटे थे बराती
मकनपुर बांगर गांव में 7 दिसंबर को सुनीता की दो बेटियों काजल और नीता की शादी थी। हरियाणा से आई बरात जब दूसरे जाति के मोहल्ले में पहुंची तो डीजे चल रहे गीत को लेकर विवाद शुरू हो गया। आरोप है कि दूसरी जाति की लड़कियों पर टिप्पणी वाले गीत गाने पर पूर्व प्रधान जयपाल के बेटे और दूसरे समाज के ब्रज गोपाल के बेटों बीच विवाद शुरू हुआ। कुछ देर में दोनों पक्ष के लोग एकत्रित हो गए। मौके पर मारपीट शुरू हो गई। सुनीता के मुताबिक बड़ी संख्या में लोगों के एकजुट होकर मारपीट करता देख बराती डरकर बिना खाना खाए ही लौट गए। दोनों दूल्हों को बग्धी से उतारकर किसी तरह बेटी पक्ष के घर पहुंचाया गया। करीब एक घंटे बाद पहुंची पुलिस ने मामले को शांत कराया। पुलिस की मौजूदगी में शादी की रस्में पूरी कर दूल्हा-दुल्हनों को विदा किया गया। पूरी रात गांव में पुलिस तैनात रही।
कोट
मामले में दोनों पक्षों ने एक दूसरे पर आरोप लगाते हुए शिकायत दी है। जांच के बाद मामले में कार्रवाई की जाएगी। - सुशील कुमार, एसीपी दनकौर