दो नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज
संवाद न्यूज एजेंसी
दादरी। रेलवे रोड पर इलेक्ट्रॉनिक की दुकान करने वाले शख्स के साथ मारपीट की गई। दुकान के शीशे तोड़कर क्षतिग्रस्त कर दिए गए। शोर मचाने पर आरोपी जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। पीड़ित ने दो नामजद व 15 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।
प्रभारी निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने बताया कि दादरी कोतवाली क्षेत्र के रेलवे रोड स्थित शिव नगरी में हिमांशु गोयल परिवार के साथ रहते हैं। नगर के रेलवे रोड पर उनकी मयंक इलेक्ट्रॉनिक के नाम से दुकान है। करीब तीन माह पहले दुकान से दिलशाद ने फ्री डिश बॉक्स लिया था। एक जनवरी को वह दुकान पर आया और कहा कि डिश खराब है। इसे बदल लीजिए। पीड़ित ने कहा कि उपयुक्त सामान की कोई गारंटी नहीं होती। जिस पर वह देख लेने की धमकी देकर चला गया। थोड़ी देर बाद अल्ताफ के साथ 15 अज्ञात लड़कों को लेकर आया। दुकान पर हिमांशु गोयल के साथ मारपीट कर घायल कर दिया। शोर मचाने पर जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल ने दिलशाद, अल्ताफ व 15 अज्ञात के खिलाफ कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई है।