- जबड़े में पैर दबाकर देर तक नहीं छोड़ा, लोगों ने डंडे से छुड़ाया, कुत्ते के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-45 में बाजार से घर लौट रही महिला पर पिटबुल कुत्ते ने हमला कर दिया। कुत्ते ने काफी देर तक महिला के पैर को जबड़े से दबोचे रखा। महिला के चीखने की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे। कुत्ते को हटाने के लिए लोगों को काफी मशक्कत करनी पड़ी। हमले में महिला के पैर में गहरे घाव हो गए। उन्हें अस्पताल ले जाकर उपचार कराया गया। महिला के बेटे की शिकायत पर कोतवाली सेक्टर-39 पुलिस ने कुत्ते के मालिक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस को दी शिकायत में सदरपुर कॉलोनी निवासी प्रियांशु चौहान ने कहा कि मां संतोष चौहान 17 अगस्त की रात बाजार से लौट रही थीं। एक्सिस बैंक के एटीएम के पास हितेंद्र नाम का युवक काले रंग के पिटबुल को लेकर वहां आया। आरोप है कि कुत्ते ने अचानक महिला पर हमला कर दिया। कुत्ते ने महिला के पैर को जबड़े में जकड़ लिया। महिला बचने के प्रयास में सड़क पर गिर गईं और मदद के लिए शोर मचाने लगीं। आसपास के लोग उन्हें बचाने के लिए दौड़े, लेकिन कुत्ते की आक्रामकता देखकर लोग पीछे हट गए। इसके बाद कई लोगों ने मिलकर कुत्ते को डंडे की मदद से हटाने का प्रयास किया। काफी प्रयास के बाद कुत्ते को महिला से अलग किया जा सका। शिकायतकर्ता के मुताबिक हमले में उनकी मां के पैर की चमड़ी बुरी तरह फट गई। अस्पताल में उनका उपचार कराया गया। एसीपी प्रवीण कुमार सिंह ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज की गई है और आरोपी का शांतिभंग की धारा में चालान भी किया है। मामले की जांच की जा रही है।
पहले भी सामने आ चुके हैं मामले
नोएडा में पिटबुल के हमले की यह पहली घटना नहीं है। जुलाई में सेक्टर-50 में पालतू कुत्ते को टहला रही महिला पर पिटबुल ने हमला कर दिया था। मार्च 2025 में सेक्टर-108 स्थित डॉग शेल्टर में पिटबुल ने कर्मचारी की टांग को जबड़े में दबोच लिया था। गंभीर रूप से घायल कर्मचारी को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा था। ग्रेटर नोएडा के सेक्टर डेल्टा-1 में अगस्त 2026 में पार्क में पिटबुल ने एक महिला के हाथ को जबड़े में दबोच लिया था। महिला को छुड़ाने में करीब 10 से 15 मिनट लगे और उनके हाथ में 12 टांके आए थे।