रक्षा एडेला सोसाइटी की घटना, बाल-बाल बची घरेलू सहायिका
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रक्षा एडेला सोसाइटी में शुक्रवार को फ्लैट की बालकनी में प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा गिरा। घर में काम कर रही घरेलू सहायिका बाल-बाल बच गई। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि प्लास्टर का टुकड़ा कहां से गिरा। निवासियों का आरोप है कि सोसाइटी में आए दिन ऐसी घटनाएं हो रही हैं। इसके बावजूद एओए की ओर से कोई कदम नहीं उठाए जा रहे हैं।
निवासियों ने बताया कि सोसाइटी के फ्लैट नंबर डी-603 में सौरभ तिवारी रहते हैं। शुक्रवार सुबह घरेलू सहायिका फ्लैट की बालकनी में काम कर रही थी। तभी बालकनी में लगे टीन शेड को तोड़ते हुए प्लास्टर का बड़ा टुकड़ा गिरा। घरेलू सहायिका हादसे का शिकार होने से बच गई। यदि प्लास्टर का हिस्सा महिला के सर पर गिर जाता तो वह गंभीर रूप से घायल हो सकती थी। लोगों ने बताया कि प्लास्टर का कुछ हिस्सा नीचे सोसाइटी परिसर में बने पार्क में भी जाकर गिरा, इस दौरान वहां एक महिला टहल रही थी। वह भी बाल-बाल बच गई।
लोगों का आरोप है कि एओए से भी शिकायत की जाती है, लेकिन कोई सुनवाई करने को तैयार नहीं है। हर महीने समय से लोग सोसाइटी के मेंटेनेंस का भुगतान करते हैं, उसके बाद भी रखरखाव में लापरवाही बरती जा रही है। वहीं एओए सचिव अंजनी कुमार ने बताया कि सभी आरोप गलत हैं। बिल्डर की ओर से दो ब्लॉक का काम करा दिया गया है। बचा हुआ कार्य भी एक दो महीने में पूरा हो जाएगा।