-खोड़ा कॉलोनी से मुख्य सड़क से जोड़ने वाला रास्ता बना डंपिंग पॉइंट, चार साल से परेशान हैं रजत विहार के लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित रजत विहार में कचरे की समस्या से लोग परेशान हैं। बी और सी ब्लॉक के बीच बने रास्ते पर पिछले तीन-चार साल से लगातार कचरा फेंका जा रहा है। इससे सड़क का बड़ा हिस्सा घिर गया है और आवागमन के लिए रास्ता संकरा हो गया है। कचरे से उठने वाली बदबू के कारण आसपास रहने वाले लोगों को घरों की खिड़कियां तक बंद रखनी पड़ती हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, खोड़ा कॉलोनी को मुख्य सड़क से जोड़ने वाले इस रास्ते पर प्लास्टिक, पॉलिथीन और खाने-पीने का कचरा जमा रहता है। यहां आवारा पशुओं का भी जमावड़ा लगा रहता है। इसके साथ ही बच्चों और बुजुर्गों को इसी रास्ते से गुजरना पड़ता है। कचरे के कारण वाहनों की आवाजाही प्रभावित होती है और कई बार जाम की स्थिति बन जाती है।
वहीं स्थानीय निवासी राजेश यादव ने बताया कि 31 अक्तूबर को नोएडा प्राधिकरण के अधिकारियों को ईमेल के माध्यम से शिकायत भेजी गई थी। तीन नवंबर को दोबारा संपर्क कर समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन अब तक स्थायी कार्रवाई नहीं हुई है। लोगों का कहना है कि अस्थायी सफाई से समस्या दूर नहीं होगी। रास्ते से कचरा हटाने के साथ यहां नियमित सफाई और निगरानी की व्यवस्था की जाए, ताकि दोबारा कूड़ा न डाला जा सके।