तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटी में मारी टक्कर
- फोटो : अमर उजाला
नोएडा में तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार का कहर देखने को मिला। नोएडा चाइल्ड पीजीआई अस्पताल के पास शनिवार रात तेज रफ्तार बीएमडब्ल्यू कार ने स्कूटी में टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार पांच साल की बच्ची समेत तीन घायल हो गए। बच्ची की इलाज के दौरान मौत हो गई है। बीएमडब्ल्यू हादसे में एक और घायल की मौत हो गई है। शनिवार रात हादसे में पांच साल की बच्ची की मौत हुई थी। उसके साथ घायल हुए मामा राजा (25) ने इलाज के दौरान दम तोड़ दिया। बच्ची के पिता गुल मोहम्मद का इलाज चल रहा है। सेक्टर-20 पुलिस ने लग्जरी कार को कब्जे में लिया। आरोपी चालक और उसके साथी को भी गिरफ्तार कर लिया गया है।
जानकारी के मुताबिक, स्कूटी सवार अपने साले के साथ अपनी पांच वर्षीय बेटी को चाइल्ड पीजीआई अस्पताल आए थे। दवा दिलाने के बाद स्कूटी से वापस जा रहे थे तभी गेट संख्या -03 के पास तेज रफ्तार से आ रही बीएमडब्ल्यू कार ने उनकी स्कूटी में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जाकर गिरे। इस हादसे में बच्ची की मौत हो गई और उसके परिजन गंभीर रूप से घायल हो गए। जिन्हें तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
शराब के नशे में थे दोनों पकड़े गए आरोपी
सूचना पर थाना सेक्टर-20 पुलिस द्वारा त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने कार्रवाई करते हुए बीएमडब्ल्यू कार में सवार दो युवक अभिषेक और यश को गिरफ्तार कर लिया गया है। पुलिस की जांच में खुलास हुआ है कि पकड़े गए दोनों आरोपी शराब के नशे में थे। कार यश चला रहा था। साथ में अभिषेक बैठा हुआ था। दोनों आरोपियों के पिता कारोबारी हैं। यश ने इसी वर्ष दिल्ली यूनिवर्सिटी के एक कॉलेज से बीबीए किया है। कार सेल परचेज का काम शुरू किया था। यह बीएमडब्ल्यू जिस से हादसा हुआ, उसे गगनदीप सेक्टर-39 निवासी कारोबारी से 16 लाख रुपये में बिकवाने के लिए लिया हुआ था।