पुलिस मौके पर पहुंची, थाने में नहीं दी किसी ने तहरीर
संवाद न्यूज एजेंसी
सरधना। सरधना की तहसीलदार कोर्ट में बुधवार को उस समय अफरातफरी मच गई जब मामूली विवाद के चलते अधिवक्ता और पेशकार के बीच तीखी नोकझोंक के बाद धक्का-मुक्की तक हो गई। इस घटना के कारण कुछ देर के लिए तहसील परिसर में तनाव का माहौल बना रहा। बाद में अधिकारियों के हस्तक्षेप से मामला सुलझा लिया गया।
पुलिस के अनुसार बुधवार दोपहर तहसीलदार विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के चलते फलावदा गई थी। इस दौरान कई अधिवक्ता जमीन से संबंधित मामलों की पैरवी और तारीख लेने के लिए कोर्ट पहुंचे। इसी बीच एक भूमि विवाद से संबंधित प्रकरण में एक अधिवक्ता ने पेशकार पर वादी-प्रतिवादी से अवैध रूप से रुपये लेने का आरोप लगाया। आरोप-प्रत्यारोप के बीच अधिवक्ता और पेशकार के बीच कहासुनी हो गई और मामला हाथापाई तक जा पहुंचा। कोर्ट में मौजूद अन्य लोगों में अफरातफरी का माहौल बन गया। अन्य अधिवक्ताओं ने बीच-बचाव करके दोनों को अलग किया और स्थिति को सामान्य करने का प्रयास किया। घटना की सूचना पाकर एसडीएम सरधना उदित नारायण सेंगर मौके पर पहुंचे। तहसीलदार को कार्यालय में बुलाया और फिर दोनों पक्षों के बीच बातचीत कराकर मामला निपटाया।
सीओ सरधना आशुतोष कुमार ने बताया कि किसी भी पक्ष ने पुलिस में कोई तहरीर नहीं दी है। तहरीर मिलने पर नियमानुसार जांच कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। वहीं, एसडीएम उदित नारायण सेंगर का कहना है कि यह मामला एक फाइल को लेकर हुई गलतफहमी के कारण हुआ था। दोनों पक्षों को समझाकर विवाद का समाधान कर दिया गया ह। अब स्थिति पूरी तरह सामान्य है।