जहांगीरपुर के ठेली रेडी वाले मुख्य चौराहे पर गंदगी का ढेर लगा देते है। स्रोत निवासी
जहांगीरपुर (संवाद)। त्योहारों के मद्देनजर नगर पंचायत और प्रशासन साफ-सफाई पर जोर दे रहे हैं, लेकिन जहांगीरपुर के मुख्य चौराहे पर स्वच्छता व्यवस्था की अनदेखी हो रही है। यहां सड़क किनारे रेहड़ी लगाने वाले विक्रेता शाम होते ही डोना-पत्तल, सड़े फल और सब्जियां पुल के किनारे फेंक देते हैं। इससे चौराहे पर गंदगी के साथ दुर्गंध की समस्या भी बढ़ रही है। कूड़े पर पशुओं के जमावड़े से राहगीरों और वाहन चालकों के लिए हादसों का खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कई बार समझाने के बावजूद विक्रेता अपनी आदतों में सुधार नहीं कर रहे हैं। नगर पंचायत अध्यक्ष गजेंद्र सिंह मीणा ने बताया कि ठेली संचालकों को कई बार कूड़ेदान में कचरा डालने के निर्देश दिए गए हैं। नियमों का उल्लंघन करने वाले विक्रेताओं को चिह्नित कर जुर्माना लगाया जाएगा। वहीं, अधिशासी अधिकारी बृज कुमार त्रिपाठी ने नोटिस और जुर्माने की कार्रवाई करने की बात कही है।