टूटा सीवर और सड़क पर जलभराव बना मुसीबत, चार साल से समस्या झेल रहे ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी
ग्रेटर नोएडा। नवादा गांव के मुख्य प्रवेश द्वार पर करीब पिछले चार साल से लोग गंदगी, जलभराव और सीवर की समस्या से जूझ रहे हैं। गांव के मुख्य गेट पर ही सीवर का बड़ा ढक्कन टूटा हुआ है, जिससे सड़क पर गहरा गड्ढा बन गया है। यह गड्ढा वाहन चालकों और राहगीरों के लिए हादसों का खतरा बना हुआ है। हालात इतने खराब हैं कि आए दिन कार और बाइक सवार खुले सीवर और गड्ढे के कारण हादसों का शिकार होते रहते हैं। कई वाहन चालक गिरकर चोटिल भी हो चुके हैं। रात के समय अंधेरा होने के कारण गड्ढा दिखाई नहीं देता, जिससे दुर्घटना का खतरा और बढ़ जाता है। वहीं, सीवर ओवरफ्लो होने और नालियां जाम होने से गंदा पानी लगातार सड़कों पर बहता रहता है। जगह-जगह जलभराव के कारण राहगीरों को गंदे पानी के बीच से गुजरना पड़ता है। तेज बदबू से आसपास रहने वाले लोगों का घरों में रहना भी मुश्किल हो गया है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि पिछले चार साल से शिकायतों के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं हुआ है। निवासियों ने संबंधित विभाग और प्राधिकरण से खुले सीवर को तत्काल सुरक्षित तरीके से ढकने, सीवर की नियमित सफाई कराने और ओवरफ्लो की समस्या का स्थायी समाधान करने की मांग की है।
कोट
सीवर की समस्या करीब चार साल से बनी हुई है। कई बार शिकायत करने के बाद भी कोई स्थायी समाधान नहीं हुआ। सुुमित नागर, निवासी, नवादा
आए दिन कार या बाइक खुले सीवर में गिर जाती है। इससे वाहन चालकों को चोट लगती है। सुन्नत गोयल, निवासी, नवादा
ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव के मुख्य गेट पर खुला पडा नाली का ढक्कन । स्रोत निवासी
ग्रेटर नोएडा के नवादा गांव के मुख्य गेट पर खुला पडा नाली का ढक्कन । स्रोत निवासी