सेक्टर-62 स्थित सर्वजनिन पूजा समिति की ओर से वैदिक परंपरा से खूंटी पूजा के साथ तैयारियां शुरू
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। सेक्टर-62 स्थित सर्वजनिन पूजा समिति, बंगाल कल्चरल एसोसिएशन की एक इकाई की ओर से इस बार दुर्गा पूजा समारोह का 25वां वर्ष मेगा सिल्वर जुबली धूमधाम से मनाया जाएगा। पूजा की तैयारियां शुरू करने के लिए वैदिक परंपरा से हुई खूंटी पूजा के साथ ही पंडाल निर्माण का कार्य शुरू हो चुका है। इस बार का पंडाल और मंडप 7,000 वर्ग फीट में और मायापुर इस्कॉन मंदिर की तर्ज पर बनाया जा रहा है।
समिति के अध्यक्ष अतिश चक्रवर्ती ने बताया कि दुर्गा पूजा महोत्सव सेक्टर 62 की बी-ब्लॉक मार्केट स्थित खेल शक्ति पार्क, शक्ति कुंज अपार्टमेंट के पास आयोजित किया जाएगा। इस वर्ष माता के भक्तों को एनसीआर में ही पश्चिम बंगाल के मायापुर स्थित विश्व के सबसे बड़े मंदिर परिसरों में से एक श्री मायापुर चंद्रोदय मंदिर (इस्कॉन) की अनुभूति होगी। विस्तृत क्षेत्र में बनने वाला यह पंडाल दिल्ली-एनसीआर की सबसे बड़ी पूजा संरचनाओं में शुमार होगा। खूंटी पूजा केवल पंडाल निर्माण की शुरुआत नहीं, बल्कि मां दुर्गा के प्रति हमारी सामूहिक आस्था, भक्ति और सांस्कृतिक समरसता का प्रतीक है। पंडाल में सुरक्षा, स्वच्छता, प्रकाश और श्रद्धालुओं की सुविधाओं के पुख्ता इंतजाम किए जा रहे हैं।
थीम में ईको फ्रेंडली का रखा गया ध्यान
अतिश ने बताया कि पंडाल का मुख्य द्वार मायापुर इस्कॉन मंदिर का प्रतिरूप होगा। मंडप का आंतरिक परिवेश मेघ-श्याम की थीम पर तैयार किया जा रहा है। पंडाल की आंतरिक दीवारों पर भगवान श्रीकृष्ण के बाल्यकाल, वृंदावन की लीलाओं और महाभारत के कुरुक्षेत्र प्रसंगों को कलात्मक रूप में उकेरा जाएगा। गर्भगृह के निर्माण में होगला पौधे की सूखी पत्तियों और रस्सियों का प्रयोग किया जा रहा है, जो ईको फ्रेंडली जीवनशैली का संदेश देगा।
बंगाल से आए 50 से अधिक कारीगर
समिति की मीडिया प्रतिनिधि देबलिना रॉय ने बताया कि पश्चिम बंगाल के मिदनापुर से पहुंचे 50 से अधिक कारीगर दिन-रात इस पंडाल को अंतिम रूप दे रहे हैं। इसके साथ ही इंडियन आइडल फेम व प्रथम रनर-अप देवस्मिता रॉय और बॉलीवुड के पार्श्वगायक सुदेश भोसले की लाइव संगीत संध्या होगी। पश्चिम बंगाल का लोक बैंड दोहार, आरडी बर्मन बैंड के सदस्य प्रदीप्त सेनगुप्ता व उनकी टीम वाद्य संगीत प्रस्तुति देगी। नृत्य-नाटिका अलीबाबा और चालीस चोर का जीवंत मंचन होगा।