दादरी (संवाद)। भाजपा के नारी शक्ति वंदन अभियान के तहत नगर में नारी शक्ति पदयात्रा का आयोजन किया गया। इस पदयात्रा में बड़ी संख्या में मातृशक्ति और महिला कार्यकर्ताओं ने भाग लेकर अपने अधिकार, सम्मान और सशक्त भागीदारी का संदेश दिया।
कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने समाज और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका को रेखांकित किया। पदयात्रा के माध्यम से महिला सशक्तिकरण और जागरूकता का संदेश पूरे नगर में पहुंचाया गया। भाजपा जिलाध्यक्ष अभिषेक शर्मा ने कहा कि पदयात्रा केवल आयोजन नहीं, बल्कि बदलते भारत की नई तस्वीर है, जहां नारी शक्ति नेतृत्व की अग्रिम पंक्ति में खड़ी है। उन्होंने कहा कि महिलाएं आज हर क्षेत्र में अपनी भागीदारी सुनिश्चित कर रही हैं। महिलाओं ने एकजुट होकर समाज में समान अधिकार और सम्मान की दिशा में आगे बढ़ने का संकल्प लिया।