पुन्हाना/पिनगवां। पुन्हाना-नगीना रोड पर गांव लाहाबास के पास मंगलवार शाम को एक कार धूं-धूं कर जल गई। इससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया। इस कारण करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। दमकल गाड़ी आने से पहले ही कार पूरी तरह से जल चुकी थी।
प्रत्यक्षदर्शी फते मोहम्मद, सलमू ने बताया कि मंगलवार शाम करीब सात बजे कार पुन्हाना की ओर से आ रही थी। जब वह गांव लाहाबास में तेड़ मोड़ पर पहुंची तो अचानक बोनट में आग लग गई। इसकी सूचना दमकल विभाग को दी गई। जब तक दमकल विभाग की गाड़ी आती तब तक कार पूरी तरह से जल चुकी थी। उन्होंने बताया कि इस कारण पुन्हाना-नगीना रोड पर करीब एक घंटे तक जाम लगा रहा। आग लगने के बाद ही ड्राइवर फरार हो गया। ड्राइवर के अलावा कार में कोई सवार नहीं था। कार को देखकर लग रहा था कि वह काफी पुरानी है। पिनगवां थाना प्रभारी विरेंद्र सिंह ने बताया कि कार के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।