राज्य कर विभाग की सचल दल-वन टीम ने की कार्रवाई, दो करोड़ से अधिक का था माल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। राज्य कर विभाग की सचल दल-वन टीम ने गुरुग्राम से लखनऊ जा रहे माल में बड़ी कर चोरी पकड़ी है। फर्म पर 73.31 लाख रुपये का जुर्माना लगाया है, जो फर्म ने जमा भी कर दिया है। अफसरों ने बताया कि बिना कागजात के माल को लखनऊ भेजा जा रहा था। यमुना एक्सप्रेसवे के जेवर टोल प्लाजा पर ट्रक को पकड़ा गया था।
सहायक आयुक्त ग्रेड-2 विवेक आर्य ने बताया कि 5 सितंबर को टीम ने जेवर टोल प्लाजा पर एक ट्रक को जांच के लिए रोका। ट्रक नोएडा से आगरा की तरफ नेटवर्किंग इक्यूपमेंट लेकर जा रहा था। उनके पास क्रेडिट नोट व ई-वे बिल था। जिसमें बताया गया कि माल को गुरुगाम से लोड कर लखनऊ भेजा जा रहा था। वहीं जांच में पता चला है कि क्रेडिट नोट पर हरियाणा के उपभोक्ता की जानकारी थी लेकिन उस पर जीएसटी नंबर नहीं था। पेनकार्ड व आधार कार्ड की जानकारी भी नहीं थी। ट्रक में 2.03 करोड़ का माल था। जिस पर संबंधित फर्म पर 73.31 लाख का जुर्माना लगाया गया।