होटल में शराब पीने से मना करने पर मारपीट
पांच आरोपी गिरफ्तार, मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र में डेल्टा-1 स्थित गैलेरिया मार्केट के एक होटल में शुक्रवार को शराब को लेकर मारपीट हुई। मारपीट का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। पुलिस ने दो पक्षों के पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर शांति भंग की कार्रवाई की है।
कोतवाली पुलिस का कहना है कि बृहस्पतिवार रात को अलीगढ़ निवासी कपिल तालान राकेश और भुवनेश बब्बन होटल पर खाना खाने पहुंचे थे। दोनों ने खाने की टेबल पर ही शराब की बोतल रखी थी। आरोप है कि होटल पर कार्यरत कारीगर ने जब नियमों का हवाला देते हुए शराब पीने से मना किया तो कपिल और भुवनेश ने उसे थप्पड़ मार दिया। इस दौरान वहां मौजूद अन्य लोग आक्रोशित हो गए। होटल पर मौजूद पाली गांव के अंकित, पिथौरागढ़, उत्तराखंड के राज और रामपुर गांव के गौरव ने कपिल और भुवनेश के साथ मारपीट कर दी। इसके बाद दोनों पक्षों में जमकर लाठी-डंडे और लात-घूंसे चले। वीडियो में दिख रहा है कि एक युवक के हाथ में डंडा है। उसके आसपास कई युवक खड़े हैं। कोतवाली प्रभारी विनोद कुमार ने बताया कि मारपीट में शामिल एक पक्ष के दो और दूसरे पक्ष के तीन लोगों को गिरफ्तार किया है।