फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

यूपी: मूर्तिकार राम सुतार के घर से चोरी करने वाला घरेलू सहायक साथी संग गिरफ्तार, नकदी और आभूषण बरामद

Wed, 17 Mar 2021 10:22 PM IST
शाहरुख खान अमर उजाला नेटवर्क, नोएडा
विज्ञापन
पुलिस ने मूर्तिकार के घर हुई चोरी का खुलासा किया - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन
प्रसिद्घ मूर्तिकार व पद्म भूषण से सम्मानित राम सुतार के घर से 26 लाख रुपये और जूलरी चोरी के मामले का  पुलिस ने खुलासा किया है। कोतवाली सेक्टर-20 पुलिस की टीम ने आरोपी घरेलू सहायक ओडिशा निवासी मदन मोहन दास और वैशाली बिहार निवासी लोकेश को गिरफ्तार किया है। 
विज्ञापन


आरोपी अपने अन्य साथियों के साथ कई शहरों में प्लेसमेंट एजेंसी के जरिये नौकरी हासिल कर वारदात करते थे। गिरफ्तार आरोपियों के पास से 22 लाख 65 हजार रुपये नकद, जूलरी, पद्म भूषण पदक और बरामद हुए हैं। पुलिस प्लेसमेंट एजेंसी संचालक के खिलाफ भी कार्रवाई करेगी।

एडीसीपी रणविजय सिंह ने बताया कि मूर्तिकार राम सुतार अपने बेटे अनिल सुतार, बहू, पोते, पोती के साथ सेक्टर-19 में रहते हैं। उनके बेटे अनिल सुतार ने 3 मार्च 2021 को दिल्ली स्थित मेरी नीड्स प्लेसमेंट एजेंसी से ओडिशा निवासी मदन मोहन दास नामक घरेलू सहायक को हायर किया था। 9 मार्च को मदन मोहन उनके घर से 26 लाख रुपये, ज्वेलरी, पद्म भूषण व मंगोलिया सरकार की तरफ से दिए गए पदक चोरी कर ली थी। 
विज्ञापन


इस मामले का खुलासा करते हुए पुलिस की टीम ने आरोपी मदन मोहन दास व वैशाली बिहार निवासी लोकेश को गुरुग्राम के सेक्टर-24 से बुधवार को गिरफ्तार कर लिया। मदन मोहन पहले भी मुंबई व गुरुग्राम में कोठियों में वारदात कर चुका है।  एडीसीपी ने बताया कि मदन मोहन दास व ओडिशा के आशीष, पप्पू, मोटा आदि नामक युवक दोस्त हैं। सभी घरेलू सहायक बनकर संगठित तरीके से देश के शहरों में बड़ी चोरी की वारदात को अंजाम देते हैं। 

मदन मोहन वर्ष 2019 में गुरुग्राम में एक घर से 30 लाख की चोरी की थी। मामले में वह भोंडसी जेल भी गया था। जेल में उसकी दोस्ती गिरफ्तार आरोपी लोकेश से हुई थी। जेल से छूटने के बाद लोकेश के माध्यम से दिल्ली की मेरी नीड्स प्लेसमेंट एजेंसी के मालिक आदर्श शर्मा से संपर्क किया और राम सुतार के घर नौकरी पाई थी। प्लेसमेंट एजेंसी ने आरोपी मदन मोहन का पुलिस से सत्यापन नहीं कराया था। पुलिस एजेंसी संचालक आदर्श पर भी कार्रवाई करेगी।

बंगलूरू में वारदात करने की थी साजिश 
पुलिस पूछताछ में मदन मोहन ने बताया कि उसके गिरोह में ओडिशा निवासी मोटा, पप्पू व आशीष हैं। ये सभी लोग प्लेसमेंट एजेंसी के माध्यम से देश के बड़े शहरों में कोठियों में काम कर चोरी करते हैं। मोटा अभी बंगलूरू में ही किसी कोठी में काम कर रहा है। मदन मोहन, लोकश कुछ दिनों बाद बंगलूरू जाकर तीनों साथियों के साथ मिलकर बड़ी लूट को अंजाम देना चाहता था।

ओडिशा में माइंस खरीदने की थी तैयारी, दस भाषा जानते हैं आरोपी 
 एडीसीपी ने बताया कि गिरफ्तार दोनों आरोपी अपने साथियों के साथ कई बड़ी चोरी कर ओडिशा में माइंस खरीदना चाहते थे। नोएडा में चोरी करने के बाद बंगलूरू व अन्य शहरों में वारदात करने वाले थे। आरोपी दस से अधिक भाषा बोलना जानते हैं, जिससे देश के किसी भी हिस्से में भी नौकरी कर सकते थे। ये लोग हिंदी, अंग्रेजी के अलावा बंगाली, उड़िया, मराठी, भोजपुरी से लेकर कई अन्य भाषा में बोलचाल सकते हैं।
विज्ञापन

अनिल सुतार ने जताया पुलिस का आभार

बुधवार को राम सुतार के बेटे अनिल सुतार पत्नी के साथ सेक्टर-6 स्थित डीसीपी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एडीसीपी रणविजय सिंह से मिलकर नोएडा पुलिस का आभार जताया। अनिल सुतार ने कहा कि पुलिस ने पैसे और जूलरी समेत पद्म भूषण पदक और मंगोलिया सरकार की तरफ से दिए गए स्वर्ण पदक को बरामद किया है।

मशहूर मूर्तिकार व पद्म भूषण सम्मानित राम सुतार के घर से चोरी करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया गया है। आरोपी संगठित गिरोह चलाकर कई शहरों में वारदात कर चुके थे। खुलासा करने वाली टीम को पुलिस कमिश्नर की ओर से 50 हजार रुपये का इनाम दिया जाएगा।-  रणविजय सिंह, एडीसीपी, नोएडा।

पुलिस सत्यापन जरूर कराएं
अगर आप घरेलू सहायक, चालक को काम पर रख रहे हैं तो उनका पुलिस सत्यापन जरूर करा लें। जब भी इस तरह की वारदात होती हैं। उनमें रखे गए कर्मचारियों का सत्यापन नहीं कराए जाने की बात सामने आती है। नोएडा पुलिस की वेबसाइट पर सत्यापन के लिए ऑनलाइन फॉर्म भरा जा सकता है या स्थानीय थाने जाकर प्रक्रिया पूरी की जा सकती है।
 
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें