सोनीपत। स्वयं सहायता समूह से जुड़ी महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने के लिए शुरू की गई साझा बाजार योजना को फिर से शुरू किया गया है। योजना शुरू होने से महिलाओं के लखपति दीदी बनने की राह खुली है।
विधायक निखिल मदान और मेयर राजीव जैन ने वीरवार को कोर्ट कॉम्प्लेक्स के पास पोर्टा केबिन से बाजार का शुभारंभ किया। उन्होंने निगम पार्षद नीतू दहिया से रिबन कटवाया। सरकार की योजना है कि महिलाओं को स्वरोजगार देकर लखपति दीदी बनाया जाए।
यह योजना पिछले सवा साल से अटकी हुई थी लेकिन अब यह दोबारा शुरू हुई है। फिलहाल गोहाना रोड पर कोर्ट कॉम्प्लेक्स के पास और सेक्टर-23 में पोर्टा केबिन रखकर बाजार की शुरुआत की गई है। यहां पर हस्त निर्मित सामान और घर के बने मसाले, अचार व अन्य सामान बेचने से शुरुआत की जाएगी।
शहरी परियोजना अधिकारी राकेश कादियान ने बताया कि स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को नगर निगम ने साझा बाजार शुरू कर लखपति दीदी बनाने की योजना बनाई थी। इसके लिए निगम ने सुभाष चौक पर साझा बाजार खोलने की तैयारी की थी।
जिला व्यापार मंडल के सदस्यों ने इस योजना का कड़ा विरोध किया था। इसके चलते नगर निगम ने वहां से दुकानें हटा दी थी। इसके चलते योजना ठंडे बस्ते में चली गई थी। अब फिर से साझा बाजार शुरू करने के लिए कोर्ट कॉम्प्लेक्स के पास हनुमान मंदिर के सामने दो और सेक्टर-23 पार्क के पास एक पोर्टा केबिन रख साझा बाजार की शुरुआत की गई है।