ग्राम समाज की भूमि बेचने व खरीदने वाले 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज
रबूपुरा संवाद। कोतवाली क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम समाज की भूमि बेचने व खरीदने का मामला सामने आया है। गांव भोयरा उर्फ इस्माइलपुर में ग्रामीण द्वारा ग्राम समाज की भूमि को फर्जी कागजात तैयार कर कई लोगों को बेचने के मामले में उच्च न्यायालय के आदेश पर लेखपाल ने 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है। पुलिस के मुताबिक, ग्रामीण ललित ने ग्राम समाज की भूमि पर अवैध तरीके से खरीद फार्म का आरोप लगा इलाहाबाद उच्च न्यायालय में एक पीआईएल दाखिल की थी। जिसमें आरोप था कि ग्राम के गाटा संख्या 84, 85, 87 और 88 में बंजर भूमि और ग्राम समाज की भूमि दर्ज है। आरोप है कि भूमि पर कब्जा कर गांव का ही एक व्यक्ति फर्जी दस्तावेज तैयार कर प्लाटिंग कर रहा है। लेखपाल भारतपाल ने विक्रेता राजेश और भूमि खरीदने वाले ग्रामीण समेत 10 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कराया है।