ईस्टर्न पेरीफेरल हाईवे पर बस ने ट्रक में मारी टक्कर।
- ईपीई पर हुआ हादसा, बस में 20 से अधिक यात्री थे सवार, सभी सुरक्षित
संवाद न्यूज एजेंसी
दनकौर।
कोतवाली क्षेत्र में शनिवार रात ईस्टर्न पेरिफेरल एक्सप्रेसवे (ईपीई) पर तेज रफ्तार निजी बस आगे जा रही ट्रक से टकरा गई। हादसे में बस का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, जिससे चालक मामूली घायल हो गया। गनीमत रही कि बस में सवार करीब 20 यात्रियों में से किसी को चोट नहीं आई हैं। पुलिस जांच में बस पर कोई चालान नहीं मिले हैं। बस के परमिट समेत अन्य दस्तावेज पूरे मिले हैं।
पुलिस के मुताबिक निजी बस राजस्थान के जयपुर से हरिद्वार जा रही थी। शनिवार रात एक्सप्रेसवे पर दनकौर क्षेत्र में पहुंचने के दौरान बस अचानक आगे चल रहे ट्रक से पीछे से टकरा गई। पुलिस की जांच में बस के ड्राइवर को झपकी आने से हादसे की बात सामने आई है। हादसे के बाद यात्री घबरा गए और इधर-उधर भागने लगे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटना की जानकारी ली। पुलिस ने क्षतिग्रस्त बस को एक्सप्रेसवे से हटवाकर यातायात शुरू कराया।