-नोएडा प्राधिकरण के उद्यान विभाग ने शुरू की तैयारी, जल्द जारी होगी आरएफपी
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। शहर के पार्कों में पत्तों के झड़ने और पेड़ों की छटाई के बाद निकलने वाले औद्यानिक कचरे के निस्तारण के लिए नोएडा प्राधिकरण 100 मीट्रिक टन क्षमता वाला संयंत्र लगवाएगा। इसे लेकर प्राधिकरण के उद्यान विभाग ने तैयारी शुरू कर दी है। संयंत्र के लिए सेक्टर-80 में जगह चिह्नित की गई है। संयंत्र लगवाने के लिए 6 अप्रैल को हुई बोर्ड की बैठक से सहमति मिली थी।
प्राधिकरण के अधिकारियों ने बताया कि अगले कुछ दिनों संयंत्र लगवाने के लिए रिक्वेस्ट फॉर प्रपोजल (आरएफपी) जारी कर दी जाएगी। यह संयंत्र रोजाना 100 मीट्रिक टन कचरे का निस्तारण कर सकेगा। प्राधिकरण कचरे को संयंत्र तक पहुंचाएगा। इसके बाद एजेंसी वहां पर कूड़े से गैस बनाने का काम करेगी जिसको वह बेचेगी। इस गैस को बेचने से एजेंसी मुनाफा कमाएगी। प्राधिकरण को भी एक निश्चित धनराशि और जैविक खाद मिलेगी। इस खाद का प्रयोग पार्कों और ग्रीन बेल्ट में किया जाएगा। अधिकारियों ने बताया कि अब तक हरित कूड़े का इस्तेमाल अलग-अलग जगहों पर छोटे स्तर पर खाद बनाने के रूप में किया जा रहा है। यह प्रक्रिया पार्कों और ग्रीन बेल्ट में की जाती है।
उद्यान विभाग के निदेशक आनंद मोहन ने बताया कि संयंत्र लगवाने के लिए आरएफपी तैयार की जा रही है। इसके जारी होने के बाद एजेंसियों से आवेदन मांगे जाएंगे।