मेडिकल कॉलेज के नशा मुक्ति केंद्र में लगी आग के बाद का नजारा
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
बीआरडी मेडिकल कॉलेज के मानसिक रोग विभाग में संचालित नशामुक्ति केंद्र (ओएसटी) में मंगलवार शाम दो मिलीग्राम की दवा की करीब 9,500 गोलियां चोरी कर ली गईं। विभाग में रखे कुछ महत्वपूर्ण दस्तावेज भी जले मिले।
जानकारी होने पर विभागाध्यक्ष ने प्राचार्य को इसकी सूचना दी। ड्यूटी पर तैनात सुरक्षा गार्ड की भूमिका संदिग्ध मानी जा रही है। घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी है।
पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि चोर पहले ओएसटी कक्ष में घुसे। यहां उन्होंने रजिस्ट्रेशन रजिस्टर और टेबल पर रखे कागजात जला दिए। इसके बाद मानसिक रोग विभाग की ओपीडी के मुख्य दरवाजे को तोड़कर अंदर प्रवेश किया।
विभाग की आलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखीं दो मिलीग्राम की 9,500 गोलियां चोरी कर लीं। ये सभी दवाएं नाक के माध्यम से उन मरीजों को दी जाती थीं, जो नशा छोड़ने की प्रक्रिया से गुजर रहे हैं।
दवाओं की चोरी और दस्तावेज जलाने पर ओएसटी की पूरी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े हो गए हैं। विभागाध्यक्ष ने घटना की लिखित सूचना कॉलेज प्राचार्य को सौंप दी है। बताया जा रहा है कि पिछले कुछ महीनों से मानसिक रोग विभाग में चोरी की घटनाएं बढ़ी हैं, लेकिन अब तक सुरक्षा में कोई सुधार नहीं हुआ। विभाग में लगे सीसीटीवी कैमरे लंबे समय से खराब पड़े हैं।
इस संबंध में प्रभारी निरीक्षक गुलरिहा विजय प्रताप सिंह ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जल्द ही पूरे घटनाक्रम का पर्दाफाश किया जाएगा। पुलिस आरोपियों की तलाश कर रही है। कॉलेज प्रशासन भी आंतरिक जांच कर रहा है।