राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति परीक्षा में 94 छात्रों का चयन
मोरना के कंपोजिट स्कूल से 10 छात्र चयनित, पहला स्थान प्राप्त करने वाले विशाल भी इसी स्कूल के छात्र
कंपोजिट स्कूल बहलोलपुर के 9 छात्र चयनित
माई सिटी रिपोर्टर
नोएडा। राष्ट्रीय आय एवं योग्यता आधारित छात्रवृत्ति (एनएमएमएस) परीक्षा में जिले के 94 छात्रों का चयन हुआ है। मोरना स्थित कंपोजिट स्कूल से सर्वाधिक 10 छात्रों का चयन हुआ है। इसी विद्यालय के छात्र विशाल ने 148 अंक प्राप्त कर जिले में पहला स्थान हासिल किया।
इस विद्यालय के कई अन्य छात्रों ने भी टॉप-10 में स्थान बनाया है। वहीं, गिझौड़ कंपोजिट स्कूल की छात्रा पल्लवी ने 147 अंक प्राप्त कर दूसरा स्थान प्राप्त किया। कंपोजिट स्कूल बहलोलपुर के 9 और कंपोजिट स्कूल गिझौड़ के 8 छात्रों का भी चयन हुआ है। पिछले वर्ष गिझौड़ कंपोजिट स्कूल से 10 और बहलोलपुर कंपोजिट स्कूल से 11 छात्रों का चयन हुआ था। छात्रवृत्ति के तहत चयनित विद्यार्थियों को कक्षा 9 से 12 तक प्रति वर्ष 12 हजार रुपये की आर्थिक सहायता दी जाएगी। इस प्रकार चार वर्षों में प्रत्येक छात्र को कुल 48 हजार रुपये मिलेंगे। इसके लिए छात्रों का सरकारी या राज्य वित्तपोषित विद्यालय में अध्ययनरत होना अनिवार्य है।
इस वर्ष छात्रवृत्ति परीक्षा के लिए जिले से 1160 छात्रों ने आवेदन किया था। परीक्षा प्रभारी राजेश खन्ना ने बताया कि मोरना कंपोजिट विद्यालय के अलावा अन्य विद्यालयों के छात्रों का प्रदर्शन भी बेहतर रहा है। कुल 96 सीटों में से 94 सीटों पर छात्रों का चयन हुआ है। दो सीटें अनुसूचित जनजाति (एसटी) के छात्रों के लिए आरक्षित थीं, लेकिन एसटी वर्ग के छात्र नहीं होने के कारण ये सीटें खाली रह गईं। जबकि वर्ष 2021-22 में जिले से छात्रवृत्ति के लिए केवल एक छात्र का ही चयन हुआ था।
वर्जन
छात्रों की विशेष रूप से तैयारी कराई गई थी। अध्यापिका मधु रावत का भी छात्रों के बेहतर प्रदर्शन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। -शांति पांडेय, प्रधानाचार्य, कंपोजिट स्कूल, मोरना