पटाखा व्यापारियों का रिकॉर्ड तलब
गुरुग्राम/पटौदी/सोहना। सुप्रीम कोर्ट की ओर से दिल्ली-एनसीआर में पटाखों के बेचने पर रोक के आदेश पर बुधवार को गुरुग्राम पुलिस ने कादीपुर, पटौदी, सोहना समेत आसपास के क्षेत्र में पटाखा गोदामों पर कार्रवाई की। पुलिस टीमों ने ऐसे पटाखों का रिकॉर्ड जब्त किया, जो ग्रीन पटाखों की श्रेणी में नहीं आते। जिला उपायुक्त के आदेशानुसार दिवाली के आसपास इन गोदामों में अगर स्टॉक में कमी पाई जाती है, तो संबंधित गोदाम मालिकों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।
बुधवार को कादीपुर औद्योगिक क्षेत्र स्थित पटाखा गोदामों पर पुलिस की अलग अलग टीमों ने कार्रवाई की। यहां मौजूदा पटाखा गोदामों से पटाखों के स्टॉक का रिकॉर्ड खंगालते हुए उसे जब्त कर लिया। पटौदी थाना प्रबंधक इंसपेक्टर जयप्रकाश व तहसीलदार रविंद्र मलिक की टीम ने संयुक्त कार्रवाई की। पुलिस प्रवक्ता सुभाष बोकन के मुताबिक, ऐसे पटाखा गोदामों पर निगरानी रखी जा रही है। नियमों का उल्लंघन किया गया तो उनके खिलाफ कार्रवाई होगी।