जाम से निपटने को सेक्टर-22 शिव मंदिर चौराहे का कट बंद
- वाहन चालकों को काटना पड़ा लंबा चक्कर, सुबह-शाम चौराहा पर लगाता था जाम
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। बढ़ रहे वाहनों के बोझ से बिगड़ रही यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए ट्रैफिक पुलिस का प्रयोग लगातार जारी है। शनिवार को सेक्टर-22 शिव मंदिर चौराहा कट बंद कर दिया गया है। ट्रैफिक पुलिस का कहना है कि कट बंद होने से वाहन चालकों को थोड़ी परेशानी जरूर होगी, लेकिन रोजाना सुबह और शाम इस चौराहे पर लगने वाले जाम से राहत मिलेगी। कट बंद होने से सेक्टर-57 व सेक्टर-22 की ओर से सेक्टर-56, खोड़ा, व रजत विहार की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे। वाहन चालकों को सेक्टर-12/22 तिराहे पर जाकर यू-टर्न लेकर वापस आना होगा। इसी तरह रजत विहार, सेक्टर-56 और खोड़ा की ओर से सेक्टर-22 व सेक्टर-12/22 तिराहे पर आने वाले वाहनों को सेक्टर-57 चौराहे की ओर जाकर यू-टर्न लेकर वापस आना होगा।
सेक्टर-12/22 तिराहे पर भी होगा डायवर्जन
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों ने सेक्टर-60 से सेक्टर-11 को जोड़ने वाले महत्वपूर्ण मार्ग को जाम मुक्त बनाने का प्लान तैयार किया है। पहला डायवर्जन प्लान शिव मंदिर चौराहे पर लागू किया गया है। अब शहर के मुख्य तिराहे सेक्टर-12/22 पर डायवर्जन की तैयारी है। प्लान के मुताबिक यहां एक ओर कट को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा। सेक्टर-12 व 22 व चौड़ा-रघुनाथपुर की तरफ से सेक्टर-57 की ओर जाने वाले वाहनों को बायीं ओर मुड़कर सेक्टर-11 की तरफ ने यू-टर्न से वापस आना होगा। इसी तरह सेक्टर-11 की ओर से सेक्टर-12 व 22 व चौड़ा-रघुनाथपुर की तरफ जाने वाले वाहनों को सेक्टर-57 की ओर जाकर यू-टर्न लेकर वापस आना होगा। ऐसा होने के बाद शिव मंदिर चौराहे से डायवर्ट होने वाले वाहन चालकों को अपने गंतव्य तक जाने के लिए और अधिक लंबा चक्कर काटना होगा।