हरियाणा कैबिनेट का हर मंत्री औसतन 500 किमी सफर करता है रोज
गुरुग्राम। मुख्यमंत्री मनोहर लाल कैबिनेट के हर मंत्री औसतन 500 किलोमीटर रोजाना सफर करते हैं। मंत्रियों में सबसे अधिक सफर करने वाले शिक्षा मंत्री रामबिलास शर्मा है, जो प्रत्येक दिन औसतन 709 किलोमीटर का सफर तय करते हैं। जबकि मुख्यमंत्री मनोहर लाल 215 किलोमीटर ही चलते हैं। इन सफर पर मंत्री जनता की घाढ़ी लाखों रुपये पेट्रोल-डीजल पर फूंक रहे हैं। अगर घंटे के हिसाब से आंकड़े निकाले तो हर मंत्री सफर में 10-15 घंटे तक बिता रहा है। यह खुलासा सूचना के अधिकार (आरटीआई) के तहत मिली जानकारी से हुई है। इसमें जनवरी 2017 से लेकर अप्रैल 2018 तक की जानकारी दी गई है। ऐसे में सवाल है कि 10-15 घंटे का सफर कहां और क्यों कर रहे हैं।
गुरुग्राम के आरटीआई कार्यकर्ता जगजीत सिंह वालिया ने हरियाणा सरकार से मंत्रियों की गाडिय़ां कितनी चली? इसके बारे में जानकारी मांगी थी। इसके जवाब में मंत्री कार अनुभाग ने जो जवाब दिया है, उसके मुताबिक हरियाणा के मंत्री मुख्यमंत्री से भी ज्यादा अपनी कारों को दौड़ा रहे हैं। उनके सरकारी वाहन हमेशा सफर में रहते हैं। सीएम की 05 कारें औसतन हर महीने औसतन 6450 किलोमीटर चलती हैं। मासिक औसतन में भी रामबिलास शर्मा अव्वल है। जबकि अन्य मंत्रियों के पास दो गाडिय़ां है और वह औसतन 500 किलोमीटर प्रतिदिन चलते हैं।
शिक्षा मंत्री के पास दो सरकारी गाड़ी है। जिन्होंने जनवरी 2017 से अप्रैल 2018 तक 340328 किलोमीटर का सफर तय किया है। उनकी टोयोटा फॉच्र्यूनर और टोयोटा कोरोला दोनों मिलाकर मार्च 2018 में 21390 किलोमीटर और अप्रैल 2018 में 23296 किलोमीटर का सफर तय किया है। केवल अप्रैल में 776 किलोमीटर प्रतिदिन सफर तय किया है। यदि गाड़ी की रफ्तार 60 किलोमीटर प्रति घंटा भी मान लिया जाए तो मंत्री जी अप्रैल महीने में औसतन 13 घंटे सफर में रहे हैं।
गाड़ियों पर हो रहे फिजूल खर्च पर उठे सवाल
आरटीआई कार्यकर्ता वालिया का कहना है कि हर मंत्री के पास दो या उससे अधिक गाड़ी है। यदि एक गाड़ी से मंत्री कहीं जा रहे हैं तो दूसरी गाड़ी का किलोमीटर दूरी कम होनी चाहिए। जबकि ऐसा नहीं है। इससे साफ है कि मंत्री की गाडिय़ों को उनके परिवार वाले या कोई अन्य इस्तेमाल कर रहा है। आखिर मंत्रियों की गाडिय़ां कहां जा रही हैं? इन पर जनता का पैसा क्यों खर्च किया जा रहा है। साफ है कि सरकारी गाडिय़ों का बेजा इस्तेमाल हो रहा है। मंत्रियों के परिवार वाले और रिश्तेदार सरकारी तेल फूंक रहे हैं। अगर इतनी देर तक कोई मंत्री सफर कर रहा है तो वह काम कब करते होंगे या फिर तेल बिल बनाने के लिए गाडिय़ां कागजों पर दौड़ रही हैं।
मंत्री प्रति दिन सफर (औसतन)
रामबिलास शर्मा, शिक्षा मंत्री 709.01
राव नरबीर, पीडब्ल्यूडी मंत्री 560.93
कृष्णलाल पंवार, परिवहन मंत्री 535.21
विपुल गोयल, उद्योग मंत्री 511.46
कृष्ण बेदी, जेल मंत्री 588.11
करणदेव कंबोज, खाद्य आपूर्ति मंत्री 519.22
मनीष ग्रोवर, सहकारिता मंत्री 508.52
नायब सिंह सैनी, श्रम मंत्री 560.96
बनवारी लाल, जनस्वास्थ्य मंत्री 389.60
अनिल विज, स्वास्थ्य मंत्री 429.84
ओमप्रकाश धनखड़, कृषि मंत्री 495.55
कैप्टन अभिमन्यु, वित्त मंत्री 317.22
कविता जैन, स्थानीय निकाय मंत्री 397.50