हत्या के दो साल पुराने मामले की जांच के लिए एसआईटी गठित
फरीदाबाद।
सेक्टर-55 थाना क्षेत्र में करीब दो साल पहले ईद के दौरान हुए झगड़े में एक व्यक्ति की मौत के मामले में पुलिस महानिदेशक ने स्पेशल इनवेस्टिगेशन टीम (एसआईटी) का गठन किया है। एसआईटी द्वारा मामले की दोबारा जांच के चलते पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट ने आरोपी पक्ष की याचिका पर निचली अदालत में चल रही मामले की सुनवाई पर रोक लगा दी है।
गांव आलमपुर निवासी उमर सैद की 7 जुलाई 2016 को ईद के दौरान गांव में हुए झगड़े के दौरान मौत हो गई थी। इस मामले में पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर 27 लोगों को आरोपी बनाया था, जिसमें से 13 लोग गिरफ्तार हुए थे। इनमें से 10 तो जमानत पर बाहर आ गए, जबकि तीन अभी भी जेल में हैं। मामले में आरोपी बनाए गए शब्बीर के पुत्र वसीम ने आरोप लगाया कि पुलिस ने बिना जांच ही अदालत में चालान पेश कर दिया। उन्होंने पुलिस महानिदेशक के कार्यालय में याचिका लगाकर मामले की दोबारा जांच की मांग की। पिछले माह डीएसपी स्टेट क्राइम ब्यूरो महाबीर सिंह के नेतृत्व में एक एसआईटी का गठन किया गया और उसमें निरीक्षक सतबीर सिंह व उपनिरीक्षक राम चंद्र को भी शामिल किया गया। मामले की दोबारा जांच शुरू होने पर आरोपी पक्ष ने पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट में याचिका लगाकर निचली अदालत में चल रही सुनवाई को अगली तारीख सात मई 2018 तक रोक लगा दी है।