खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स में जुटेंगे देश भर से 900 खिलाड़ी
दो से 11 मई के बीच होंगे गेम्स, तैयारियों को लेकर अपर मुख्य सचिव ने की प्रशासन के साथ वर्चुअल बैठक
-शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स और जीबीयू में होंगे पांच खेल
माई सिटी रिपोर्टर
ग्रेटर नोएडा। पहली बार ग्रेटर नोएडा में खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का आयोजन दो से 11 मई के बीच होंगे। इसकी तैयारियों में प्रशासन और प्राधिकरण जुट गया है। यहां पर पांच खेलों का आयोजन होगा और करीब 900 बालिका-बालक खिलाड़ी भाग लेंगे। बुधवार को उत्तर प्रदेश अपर मुख्य सचिव खेल डाॅ. नवनीत सहगल ने प्रशासनिक अधिकारियों के साथ वर्चुअल वार्ता कर दिशा निर्देश दिए।
शासन ने अपर जिलाधिकारी वंदिता श्रीवास्तव को खेलो इंडिया यूनिवर्सिटी गेम्स का नोडल अधिकारी बनाया है। उन्होंने बताया कि शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में बॉक्सिंग, स्वीमिंग और कबड्डी, जबकि गौतमबुद्ध नगर विश्वविद्यालय में वेटलिफ्टिंग और बास्केटबॉल का आयोजन होगा। उप जिला क्रीडा अधिकारी अनिता नागर ने बताया कि स्वीमिंग में 232 बालक और 224 बालिका, कबड्डी में 96 बालक व 96 बालिका और बॉक्सिंग में 104 बालक और 96 बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे। वहीं बॉस्केटबॉल में 96 बालक व 96 बालिका और वेट लिफ्टिंग में 80 बालक व 80 बालिका खिलाड़ी भाग लेंगे। सभी के रहने की व्यवस्था जीबीयू में की जा रही है। ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण के साथ मिलकर दोनों जगह तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा रहा है। उन्होंने बताया कि अपर मुख्य सचिव खेल ने भी बुधवार को ऑनलाइन बैठक कर तैयारियों को अंतिम रूप देने के निर्देश दिए है।