नोएडा (संवाद)। जिलाधिकारी मेधा रूपम के निर्देश पर परिवहन विभाग ने ओवरलोड वाहनों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की है। शुक्रवार देर रात विभागीय टीम ने अभियान चलाकर सेक्टर-142, नॉलेज पार्क और बादलपुर क्षेत्र में 13 ओवरलोड वाहनों को पकड़कर चालान किया। इन पर 8.80 लाख रुपये का प्रशमन शुल्क वसूला गया। संभागीय परिवहन अधिकारी (प्रवर्तन) डॉ. उदित नारायण पांडेय ने बताया कि चालान किए गए वाहनों को निरुद्ध भी किया गया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2025 में अब तक 756 वाहनों का चालान और 506 वाहनों को बंद किया गया है, जिससे करीब 3.28 करोड़ रुपये प्रशमन शुल्क वसूला गया है।