- 14 गांवों के करीब 15 हजार किसानों की 1857 हेक्टेयर भूमि होगी अधिगृहीत
- 42 हेक्टेयर जमीन के लिए लगभग 200 करोड़ रुपये की पत्रावली तैयार कर बांटा गया मुआवजा
माई सिटी रिपोर्टर
यमुना सिटी। नोएडा अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डे के तीसरे चरण के लिए प्रशासन की ओर से मुआवजा वितरण शुरू कर दिया गया है। तीसरे चरण में 14 गांवों के 15 हजार किसानों की 1857 हेक्टयेर भूमि के अधिग्रहण की प्रक्रिया जारी है। इन किसानों को कुल 8600 करोड़ रुपये का मुआवजा वितरित किया जाएगा। जिलाधिकारी के निर्देश पर शिविर लगाकर 200 करोड़ रुपये की पत्रावली तैयार की गई। मुआवजे की रकम किसानों के बैंक खाते में दी जाएगी। मुआवजा वितरण के पहले चरण में 42 हेक्टेयर जमीन की पत्रावली तैयार की गई है। इसके तहत किसानों को 4,300 रुपये प्रति वर्गमीटर की संशोधित दर और ब्याज समेत से भुगतान किया जा रहा है।अधिग्रहण प्रक्रिया के तहत मार्च के शुरुआत में अवार्ड घोषित होने के बाद मुआवजा वितरण का काम शुरू हुआ है। अभी तक 500 करोड़ रुपये मुआवजा वितरण हो पाया है।
तीसरे चरण के गांव की सूची
थोरा, नीमका शाहजहांपुर, ख्वाजपुर, रामनेर, किशोरपुर, बनवारीबास, परोही, मुकीमपुर सिवारा, जेवर बांगर, सबौता मुस्तफाबाद, अहमदपुर चौरौली, दयानतपुर, बैंकपुर और रोही
गांव-गांव में शिविर लगाकर पत्रावली ले रहे लेखपाल-अमीन
मुआवजा वितरण में देरी होने पर जिलाधिकारी मेधा रूपम ने प्रभावित 14 गांव में शिविर लगाकर किसानों से पत्रावलियां लेने के निर्देश दिए थे। इसके बाद सभी 14 गांवों में शिविर लगाकर किसानों से लेखपाल और अमीनों ने पत्रावली लेना शुरू कर दिया है। कुछ किसानों को बारह साला (भार मुक्त प्रमाण पत्र) मिलने में दिक्कत आ आने की समस्या थी। इसके लिए जिलाधकारी ने संज्ञान लेते सब रजिस्ट्रार कार्यालय जेवर में अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए जाने के निर्देश जारी किए हैं।
कोट
एयरपोर्ट के तीसरे चरण के लिए किसानों को उनकी भूमि का प्रतिकर बांटे जाने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। इसके लिए सभी 14 गांव में शिविर लगाकर प्रतिकर बांटा जा रहा है। 14 गांवों के लगभग 15 हजार किसानों को 1857 हेक्टेयर भूमि के लिए 8600 करोड़ की राशि प्रतिकर के रूप में बांटी जानी है। - बच्चू सिंह, अपर जिलाधिकारी भू एवं अध्याप्ति, गौतमबुद्ध नगर