84,981 गाड़ियों के खिलाफ 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया
संवाद न्यूज एजेंसी
नई दिल्ली। ट्रैफिक पुलिस ने 14 अक्तूबर से 18 नवंबर तक ग्रेप के तहत पॉल्यूशन अंडर कंट्रोल (पीयूसी) सर्टिफिकेट से जुड़े नियमों का उल्लंघन करने पर 84.98 करोड़ रुपये के चालान काटे। इस दौरान 84,981 गाड़ियों के खिलाफ 10,000 रुपये का जुर्माना लगाया गया जिनमें सबसे अधिक चालान पश्चिमी रेंज से हुए।
ट्रैफिक पुलिस के अधिकारियों के अनुसार, सबसे अधिक पीयूसी चालान वेस्टर्न रेंज 22,867, दक्षिणी रेंज 20,554 और नई दिल्ली रेंज 13,423 से हुए। इसके अलावा प्रदूषण फैलाने वाली गाड़ियों के 2,030 चालान भी काटे गए जिनमें से 1,197 चालान दक्षिणी रेंज से थे। पुलिस ने बिना ढके कंस्ट्रक्शन वेस्ट के लिए भी 446 चालान किए। इस दौरान कई ट्रकों को शहर के अंदर प्रदूषण कम करने के लिए एक्सप्रेसवे से डायवर्ट किया गया। इसके अलावा ग्रेप के नियमों के तहत 703 भीड़ वाले पॉइंट्स को भी ठीक किया। इसमें सबसे अधिक पॉइंट्स दक्षिणी रेंज 392 और पश्चिमी रेंज 303 से थे। ग्रेप को प्रदूषण की गंभीरता के आधार पर दिल्ली में चार स्तरों पर लागू किया जाता है जिनमें से चरण एक व दो में पानी का छिड़काव, पार्किंग शुल्क बढ़ाना और सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना जैसी कार्रवाई की जाती है।