रंजिशन एक व्यक्ति की 27 बकरियां जलाईं
- घाटा शमशाबाद का मामला, चचेरे भाई पर शक
- पुलिस कर रही मामले की जांच, मुकदमा दर्ज नहीं
अमर उजाला ब्यूरो
फिरोजपुर झिरका। घाटा शमशाबाद में शुक्रवार देर शाम रंजिशन एक व्यक्ति की 27 बकरी जला देने का मामला सामने आया है। पीड़ित ने शनिवार को फिरोजपुर झिरका पुलिस थाना पहुंच कर इसकी शिकायत कर दी है। उसने अपने चचेरे भाई पर शक जाहिर किया है। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। लेकिन खबर लिखे जाने तक मुकदमा दर्ज नहीं किया गया था।
पीड़ित मुबारिक ने बताया कि वह गांव से दूर हाजी बॉस में रहता है। वहां अपने परिवार के जीवनयापन के लिए बकरी पालने का काम करता है। शुक्रवार शाम रोजाना की तरह वह अपनी 40 बकरियों को बाड़े में बांध कर किसी काम से अपने गांव में आया था। मुबारिक के मुताबिक, उसके चले जाने के बाद किसी अज्ञात व्यक्ति ने बकरी के बाड़े में आग लगा दी। आग के लपटें ऊंची उठने लगी और बकरियों की आवाज गूँजने लगी तो पड़ोस में रहने वाले एक व्यक्ति ने घर से बाहर निकल कर शोर मचाया। इस दौरान मुबारिक भी मौके पर पहुंच गया। गांव के लोगों ने मिल कर आग पर तो जैसे-तैसे काबू पा लिया लेकिन आग की चपेट में आने से 10 बकरी व 17 छोटे बच्चे जल कर राख होने से नहीं बचाए जा सके।
मुबारिक ने बताया कि कुल 40 बकरी व बच्चे थे। इस हादसे से मुबारिक के घर में मातम पसरा हुआ है। गांव में भी इस घटन की निंदा की जा रही है। मुबारिक ने बकरियों के आग से जलाने के मामले में अपने चचेरे भाई पर शक जाहिर किया है। शनिवार पूरे दिन आरोपी को ढूंढने के लिए घाटा शमसाबाद में पंचायत चलती रही। लेकिन कोई राहत भरा फैसला नहीं हो पाया। मजबूरी में शनिवार शाम पीड़ित मुबारिक ने फिरोजपुर झिरका थाने का रुख किया।
गांव के लोग फैसले के लिए समय मांग कर गए हैं। हालांकि पुलिस सारे मामले की जांच में जुट गई है। पूरे तथ्य आने पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया जाएगा। - अशोक कुमार, थाना प्रभारी, फिरोजपुर झिरका