भसीन ग्रुप के खिलाफ निवेशकों ने किया धरना प्रदर्शन
- बिल्डर पर करोड़ों की धोखाधड़ी का लगाया आरोप
अमर उजाला ब्यूरो
नोएडा। निवेशकों ने भसीन ग्रुप पर धोखाधड़ी का आरोप लगाते हुए शनिवार को प्रदर्शन किया। शनिवार को नेफोमा के बैनर तले फेस्टिवल सिटी सेक्टर-143बी साइट पर प्रदर्शन में शामिल निवेशकों नेे बिल्डर पर कई आरोप लगाया। प्रदर्शनकारियों के मुताबिक करीब 1100 निवेशकों ने भसीन ग्रुप के फेस्टिवल सिटी कॉमर्शियल प्रोजेक्ट में बुकिंग की थी। बुकिंग के समय सभी निवेशकों से इंसयोर रिटर्न का वादा किया गया था। जो बिल्डर नहीं दे रहा है।
नेफोमा के मुख्य सलाहकार एवं फेस्टिवल सिटी वेलफेयर एसोसिएशन के अध्यक्ष राजीव निझावन ने बताया नोएडा प्राधिकरण ने 2008 में आनंद इंफोएज प्राइवेट लिमिटेड को 25 एकड़ का आई टी/आईटीईएस प्लॉट आवंटित किया था। 2012 में कंपनी ने आनन्द इंफोएज के नाम से नक्शा पास कराया। उक्त कंपनी ने आनन्द इंफोएज की जगह एक नई कंपनी मिस्ट एवेन्यू प्राइवेट लिमिटेड बनाकर इसी के नाम से प्रोजेक्ट यूनिट्स की बिक्री शुरू कर दी। 2012-15 के बीच में लगभग 1100 यूनिट्स को बेचे गए।
नोएडा प्राधिकरण के अलाटमेंट पत्र व रजिस्टर्ड लीज डीड की शर्तों के अनुसार यह बिक्री केवल आनंद इंफोएज प्राइवेट लिमिटेड के नाम से ही करनी थी न कि मिस्ट एवेन्यू कंपनी के नाम। निवेशकों के मुताबिक कंपनी ने ग्राहकों को गुमराह कर एवं धोखाधड़ी से मिस्ट एवेन्यू के नाम बिक्री की। प्रदर्शन में अंजनी गुप्ता, गौरव भारद्वाज, विनोद शर्मा, राजीव सिंह, विक्रम सेठी व अन्य सदस्य मौजूद थे।
प्राधिकरण ने नहीं की कोई कार्रवाई
नेफोमा अध्यक्ष अन्नू खान ने बताया कि जून 2017 से अब तक कई बार एसोसिएशन की ओर से प्राधिकरण के आला अधिकारियों को पत्र लिखा गया है। लेकिन प्राधिकरण ने बिल्डर के खिलाफ आज तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। बिल्डर पर वेनिस मॉल में धोखाधड़ी का कई केस दर्ज हैं। उन्होंने कहा कि एसोसिएशन की ओर से डीएम से बिल्डर का पासपोर्ट जब्त करने के मांग की जाएगी। निवेशकों को डर है कि बिल्डर विदेश भाग सकता है।